Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai: डबल ट्रवल लव स्टोरी है वरुण धवन की फिल्म, बानी और प्रीत के बीच फंसा जैस, फर्स्ट लुक आउट

Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai first look out. Photo- X

मुंबई। Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai First Look: वरुण धवन की आगामी फिल्म है जवानी तो इश्क होना है का फर्स्ट लुक टीजर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया। टीजर पहले सोमवार को आने वाला था, मगर आशा भोसले के निधन के मद्देनजर इसे एक दिन पोस्टपोन कर दिया गया था।

एक पति-दो बीवियों की कहानी

डेविड धवन निर्देशित फिल्म के टीजर से इसकी कहानी से पर्दा उठ गया है। है जवानी तो इश्क होना है रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसमें वरुण जैस नाम का किरदार निभा रहे हैं। मृणाल के किरदार का नाम बानी और पूजा हेगड़े के किरदार का नाम प्रीत है।

कहानी इन तीनों किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है। टीजर की शुरुआत एआइ से निर्मित दो टॉडलर्स की बातचीत के साथ होती है। दोनों एक-दूसरे की मम्मी का नाम पूछते हैं। फिर पिता का नाम और बर्थडे पूछते हैं। बातचीत के बाद टॉडलर्स निष्कर्ष पर पहुंचते हैं कि दोनों की मां अलग हैं, मगर पिता एक ही है।

एक आदमी की दो बीवियां और दोनों को एक-दूसरे के बारे में कोई जानकारी नहीं, जिससे पैदा हुए कन्फ्यूजन से कहानी के रोमांस और कॉमेडी को खाद-पानी मिलता है।

यह भी पढ़ें: Daadi Ki Shaadi: कपिल शर्मा स्टारर फिल्म से 45 साल की उम्र में बॉलीवुड डेब्यू करेंगी कपूर खानदान की यह बेटी

बीवी नम्बर 1 का रीमेक है फिल्म?

डेविड धवन की फिल्मों में ऐसी थीम पहले भी आती रही हैं। सलमान खान-करिश्मा कपूर की बीवी नम्बर 1 और गोविंदा-तब्बू-करिश्मा कपूर अभिनीत साजन चले ससुराल एक पति-दो बीवियां की थीम पर बनी थीं। फिल्म का टाइटल भी बीवी नम्बर 1 के गाने ‘इश्क होना है’ से प्रेरित है। डेविड ने मौजूदा दौर में कैसे आगे बढ़ाया है, इसका पता ट्रेलर आने के बाद चलेगा।

है जवानी तो इश्क होना है, 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण टिप्स फिल्म्स ने किया है। फिल्म में जिम्मी शेरगिल, मनीष पॉल, मौनी रॉय, कुब्रा सैत, चंकी पांडेय और अली असगर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

वरुण की इस साल यह दूसरी फिल्म होगी। इससे पहले बॉर्डर 2 में उन्होंने फौजी का किरदार निभाया था। है जवानी तो इश्क होना है के जरिए वरुण एक बार अपने ‘होम-जॉनर’ में लौटे हैं।