फिर साथ आएगी ब्लॉकबस्टर ‘सैयारा’ की तिकड़ी, अहान पांडेय-अनीत पड्डा और मोहित सूरी के साथ YRF ने किया नई फिल्म का एलान

Ahaan Panday, Aneet Padda and Mohit Suri back with new film. Photo- X

मुंबई। Ahaan Aneet Mohit New Film: 2025 की ब्लॉकबस्टर रोमांस ड्रामा सैयारा की तिकड़ी एक बार फिर साथ आएगी। निर्माता कम्पनी यशराज फिल्म्स ने अहान पांडेय, अनीत पड्डा और निर्देशक मोहित सूरी के साथ नई फिल्म का एलान किया है। इस फिल्म से अहान ने बॉलीवुड डेब्यू किया था। वहीं, अनीत ने फीमेल लीड के तौर पर पारी शुरू की थी।

सैयारा का सीक्वल नहीं होगी अगली फिल्म

मोहित सूरी निर्देशित सैयारा बॉक्स ऑफिस पर बेहद सफल रही थी। फिल्म ने 300 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन किया था। इसका संगीत भी काफी हिट रहा था। बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन के साथ फिल्म ने काफी चर्चा भी बटोरी थी और अहान रातोंरात स्टार बन गये थे।

बुधवार को यशराज फिल्म्स ने इस बारे में जानकारी दी। साथ ही यह भी साफ किया कि यह सैयारा का सीक्वल नहीं होगी, बल्कि स्टैंडअलोन फिल्म होगी। जॉनर रोमांस ही रहेगा।

क्या कर रहे हैं अहान और अनीत?

अहान फिलहाल यशराज की एक्शन थ्रिलर में काम कर रहे हैं, जिसका निर्देशन अली अब्बास जफर कर रहे हैं। वहीं, अनीत पड्डा, मैडॉक फिल्म्स के हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की अगली फिल्म शक्ति शालिनी में काम कर रही हैं। खबर है कि इस फिल्म में अनीत डबल रोल निभा रही हैं। फिल्म में उनके साथ विशाल जेठवा लीड रोल में हैं।

यह भी पढ़ें: शुरू हुई सैयारा स्टार अहान पांडेय की अगली फिल्म की शूटिंग, निर्देशक अली अब्बास जफर ने दिखाई पहली झलक

अहान और अनीत की जोड़ी को सैयारा में काफी पसंद किया गया था। दोनों की कैमिस्ट्री की चर्चा सोशल मीडिया में काफी वक्त तक रही। लोगों ने फिल्म में अहान के किरदार को काफी पसंद किया था, जो एक सिंगर का था।

2025 की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म

सैयारा 18 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने 337.78 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। धुरंधर और छावा के बाद यह साल की तीसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बनी।

मोहित निर्देशित सैयारा भारतीय सिनेमा की सबसे अधिक कमाई करने वाली लव स्टोरी भी है। इससे पहले न्यूकमर्स के साथ आई किसी लव स्टोरी को इतनी बड़ी सफलता नसीब नहीं हुई थी। फैंस को अब अहान और अनीत की दूसरी फिल्म का इंतजार है।