मुंबई। Force 3 Release Date: जॉन अब्राहम ने अपनी एक्शन थ्रिलर फ्रेंचाइजी फोर्स की तीसरी फिल्म की घोषणा कर दी है। इस फिल्म की रिलीज के लिए जॉन ने जो तारीख चुनी है, वो बरबस ध्यान खींचती है, क्योंकि यह तारीख अब ‘धुरंधर द रिवेंज’ की बेतहाशा कामयाबी से जुड़ चुकी है। इतना इशारा काफी है, फोर्स 3 की रिलीज डेट बताने के लिए।
कब रिलीज होगी फोर्स 3?
जॉन ने कॉमिक स्टाइल में कैरेक्टर स्केचेज का वीडियो पोस्ट करके फोर्स 3 का एलान एक्स पर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा- जब अनस्टॉपेबल, इम्मूवेबल से मिलता है तो तूफान पैदा होता है। फोर्स आ रहा है। फोर्स 3, 19 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म में जॉन के साथ हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में हैं, जो सम्भवत: नकारात्मक होगी। इनके अलावा तान्या मानिकतला और सूर्या शर्मा अहम किरदारों में हैं। इस फिल्म का निर्देशन भव धूलिया कर रहे हैं, जो तिग्मांशु धूलिया के बेटे हैं। भव ने द फ्रीलांसर सीरीज से डेब्यू किया था, जिसे काफी सराहा गया था।
यह भी पढ़ें: Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai: डबल ट्रवल लव स्टोरी है वरुण धवन की फिल्म, बानी और प्रीत के बीच फंसा जैस, फर्स्ट लुक आउट
जॉन फिलहाल रोहित शेट्टी के निर्देशन में बन रही मुंबई के पूर्व कमिश्नर राकेश मारिया की बायोपिक को पूरा कर रहे हैं, जो इसी साल रिलीज होने वाली है।
2011 में आई थी पहली फोर्स
फोर्स फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2011 में हुई थी, जिसका निर्देशन दिवंगत निशिकांत कामत ने किया था। जॉन फिल्म में एसीपी यशवर्धन के किरदार में थे। इस फिल्म में विद्युत जाम्वाल नेगेटिव रोल में थे, जो उनकी दूसरी हिंदी फिल्म थी।
फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म फोर्स 2 पांच साल बाद 2016 में रिलीज हुई। जॉन ने अपना वही किरदार रिपीट किया। इस फिल्म में ताहिर राज भसीन विलेन के रोल में थे। अभिनय देव ने इसका निर्देशन किया था।

