मुंबई। Baahubali The Eternal War: एनेसी इंटरनेशनल एनिमेशन फिल्म फेस्टिवल (Annecy International Animation Film Festival) ने अपने 2026 के Work in Progress (WIP) लाइनअप की घोषणा कर दी है। इसमें भारत की बहुप्रतीक्षित सीजीआई एनिमेटेड फिल्म बाहुबली: द एटरनल वॉर को शामिल किया गया है।
यह भारतीय एनिमेशन इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा, क्योंकि यह फिल्म एसएस राजामौली की विश्व प्रसिद्ध बाहुबली फ्रेंचाइजी का पहला एनिमेटेड स्पिन-ऑफ है।
बाहुबली के बाद की कहानी है द एटरनल वॉर
फिल्म की कहानी बाहुबली द बिगिनिंग के क्लिफहैंगर के बाद शुरू होती है। मारे गए राजकुमार अमरेंद्र बाहुबली परलोक में प्रवेश करते हैं और 14 लोकों में देवों तथा असुरों के बीच शाश्वत युद्ध में शामिल हो जाते हैं।
देवता व्यवस्था के प्रतीक हैं तो असुर अराजकता के। बाहुबली का भाग्य पूरे ब्रह्मांड को बदलने वाला होगा। फिल्म दो भागों में बनी है और इसका पहला भाग 2027 में रिलीज होने वाला है। निर्देशन का जिम्मा ईशान शुक्ला संभाल रहे हैं, जबकि स्क्रीनप्ले स्कॉट मोसियर ने लिखा है।
यह भी पढ़ें: अल्लू अर्जुन की एटली निर्देशित फिल्म के टाइटल से उठा पर्दा, एक्टर ने जन्मदिन पर दिया फर्स्ट लुक का तोहफा
राजामौली ने बताया दुर्लभ सम्मान
बाहुबली फिल्मों के निर्देशक एसएस राजामौल ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए एक्स पर लिखा- मुझे हमेशा यह विश्वास रहा है कि एनिमेशन ऐसा कैनवास है, जिसकी कोई सीमा नहीं है। यह भारतीय मेनस्ट्रीम सिनेमा के लिए दुर्लभ सम्मान है कि बाहुबली- द एटरनल वॉर को एनेसी 2026 में वर्क इन प्रोग्रेस के लिए चुना गया है।
120 करोड़ का है बजट
प्रोडक्शन अर्का मीडिया वर्क्स (Arka Mediaworks) के नेतृत्व में हो रहा है, जिसमें एसएस राजामौली, शोभु यरलागड्डा और प्रसाद देविनेनी प्रोड्यूसर हैं। संगीत ऑस्कर विजेता एमएम कीरावाणी दे रहे हैं। आवाजें मूल फिल्मों की तरह प्रभास अमरेंद्र बाहुबली और राम्या कृष्णन शिवगामी की भूमिका दोहरा रहे हैं।
यह प्रोजेक्ट भारतीय और अंतरराष्ट्रीय स्टूडियोज के सहयोग से तैयार हो रहा है, जिसमें यूके, स्कॉटलैंड, फ्रांस और भारत की कंपनियां शामिल हैं। फिल्म का बजट लगभग 120 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।एनेसी फेस्टिवल का Work in Progress सेक्शन उन फिल्मों को समर्पित होता है, जो अभी प्रोडक्शन के विभिन्न चरणों में हैं।
यहां फिल्ममेकर्स अपनी क्रिएटिव प्रक्रिया, प्री-विज़ुअलाइजेशन और वर्क-इन-प्रोग्रेस फुटेज शेयर करते हैं। जून 2026 में होने वाले इस फेस्टिवल में बाहुबली: द एटरनल वॉर का प्रेजेंटेशन भारतीय एनिमेशन के वैश्विक स्तर पर पहुंचने का प्रतीक माना जा रहा है।

