मुंबई। Arijit Singh’s Laiyaan Song: यूनिवर्सल म्यूजिक इंडिया के म्यूजिक लेबल वीबाइआरएल इंडिया ने स्थानीय टैलेंट को बढ़ावा देने के लिए हरजोत कौर (Ruaa Kaur) और रुत्विक तालाशिल्कर (RUTVXK) के साथ अरिजीत सिंह का नया गाना लाइयां रिलीज किया है, जिसे अरिजीत ने इन दोनों नवोदित सिंगर-कम्पोजर के साथ आवाज दी है। गाने का संगीत हरजोत और रुत्विक ने तैयार किया है। बोल यंगवीर ने लिखे हैं।
प्यार और कुर्बानी के जज्बात लाइयां
लाइयां भावनाओं में लिपटा एक ठहराव देने वाली गीत है, जो प्यार और कुर्बानी के जज्बे की ओर धीरे-धीरे लेकर जाता है। अरिजीत अपनी रूहानी आवाज से भावनाओं में गहरे उतरने के लिए जाने जाते हैं तो रुआ काय की आवाज गाने को कोमल एहसास देती है। रुत्विक इन दोनों को जोड़ने का काम करते हैं।
इस कॉलोबोरेशन को लेकर अरिजीत ने कहा- लाइयां रिश्तों से जुड़ने का अच्छा अवसर था। इसे गाते हुए ऐसा लगा, जैसे ध्यान लगा रहा हूं। हरजोत और रित्वक ने इसे बड़े प्यार से कम्पोज किया, जो मुझे दिल की सही मुकाम पर ले गया। मैं कम्पोजर्स का शुक्रिया कहना चाहूंगा, जिन्होंने मुझे अनकहा कहने का मौका दिया। हरजोत और रित्वक दुर्लभ फनकार हैं, जो संगीत की रूह को समझते हैं। मुझे यकीन है कि अच्छे श्रोता इस संगीत को पसंद करेंगे।
यह भी पढ़ें: Arijit Singh Retirement: अरिजीत सिंह ने किया रिटायरमेंट का एलान, सिंगर की सोशल मीडिया पोस्ट से हड़कंप
हरजोत कौर ने कहा कि इस गाने के लिए कॉलोबोरेट करने के लिए बिल्कुल सोचना नहीं पड़ा। हम लोगों ने सिर्फ संगीत ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे को भी काफी सुना। अरिजीत दादा के साथ काम करना, जिन्होंने इतने गानों को आकार दिया है, सीखने का मौका था। इसने मुझे एहसास दिलाया कि कभी-कभी कम बोले हुए भी बहुत कुछ कहा जा सकता है।
रुत्विक ने कहा- यह कॉलोबोरेशन बेहद सहज था। हम लोग कुछ ऐसा नहीं बनाना चाहते थे, जो बहुत भव्य हो, लेकिन उसमें एक संवेदना हो। अरिजीत जिस प्रोजेक्ट से जुड़ते हैं, उसमें एक जज्बाती साफगोई लेकर आते हैं और हम जैसा बनाना चाहते थे, यह बिल्कुल उस लय में था।
उभरते कलाकारों को मौका देता है VYRL
बता दें, यूनिवर्सल म्यूजिक इंडिया ने म्यूजिक लेबल वीबाइआरएल ओरिजिनल्स की स्थापना 2018 में गैर फिल्मी संगीत को बढ़ावा देने के मकसद से की थी। यह ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां कलाकार अपना स्वतंत्र संगीत रचते हैं और अक्सर प्रतिष्ठित गायकों के साथ कॉलोबोरेट करते हैं।

