मुंबई। Vidyut Jammwal Gayatri Mantra: अमेरिका के लास वेगास में सिनेमाकॉन का आयोजन किया गया, जिसमें हॉलीवुड के प्रोडक्शन हाउसेज ने अपनी आने वाली फिल्मों के फर्स्ट लुक और ट्रेलर रिवील किये। इवेंट में स्ट्रीट फाइटर फिल्म का ट्रेलर भी जारी किया गया। इस मौके पर फिल्म की स्टार कास्ट में विद्युत जाम्वाल भी मौजूद रहे, जो स्ट्रीट फाइटर में योगा मास्टर धसलीम का किरदार निभा रहे हैं।
विद्युत ने शेयर किया वीडियो
विद्युत ने माहौल में उस वक्त भारतीयता और आध्यात्मिकता के रंग बिखेर दिये, जब उन्होंने गायत्री मंत्र का जाप किया और विश्व शांति की कामना की। विद्युत ने वीडियो अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर शेयर किया है। जितने देर विद्युत मंत्र का जाप करते रहे, हॉल में मौजूद सभी मेहमान शांति के साथ उन्हें सुनते रहे और मंत्र जाप खत्म होने के बाद जोरदार तालियों से विद्युत को सपोर्ट किया।
वैश्विक शांति के लिए सबने की प्रार्थना
विद्युत ने वीडियो के साथ लिखा- कुछ ऐसे निजी पड़ाव हैं, जो मुझमें एक मकसद हासिल करने की भावना भरते हैं। यह वो पल हैं, जो मुझे जमीन से जोड़कर रखते हैं और याद दिलाते हैं कि मैं कौन हूं। ऐसा ही पल था, जब दुनिया के सबसे शोरगुल और रंगीन शहर लास वेगास में आयोजित सिनेमाकॉन में मुझे प्रार्थना कहने का सम्मान मिला।
मेरे भारतीय मंत्रों ने सबको स्थिर कर दिया, शांति और खामोशी की एक तरंग। उस कमरे में मौजूद हर व्यक्ति के साथ मैंने अनकहा जुड़ाव महसूस किया, जो किसी भाषा से परे थे। वैश्विक समरसता के लिए अपना नजरिया रखना बड़े सम्मान की बात थी। वैदिक, सूर्य मंत्र, चंद्रमा मंत्र और गायत्री मंत्र के साथ सभी ने सरहदों के परे शांति के लिए प्रार्थना की।
किताओ सकुराई निर्देशित स्ट्रीट फाइटर 16 अक्टूबर को सिनेमाघों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में नोह सेंटिनिओ केन मास्टर्स, एंड्रू कोजी रू, कैलिना लियांग चुन-ली, जोइ रोमन रीन्स एनोआइ अकुमा, डेविड डेस्टमैलचेन एम बिसन, कोडी रोड्स गुइले और एंड्रू शुल्ज डैन हिबिकी के किरदार में हैं।

