Time 100 में जगह पाने वाले रणबीर कपूर अकेले भारतीय कलाकार, ‘रामायण’ के प्रोड्यूसर ने अपने ‘राम’ के लिए लिखी भावुक पोस्ट

Ranbir Kapoor in Time 100 list. Photo- Instagram

मुंबई। Ranbir Kapoor in Time 100: अभिनेता रणबीर कपूर को टाइम मैगजीन की सालाना ‘टाइम 100’ (TIME 100 Most Influential People 2026) सूची में जगह दी गई है। रणबीर इस सूची में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय अभिनेता हैं। सूची में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और शेफ विकास खन्ना का नाम भी शामिल है।

टाइम मैगजीन की सूची में हर साल दुनिया भर के विभिन्न क्षेत्रों से हस्तियों को चुना जाता है। रणबीर कपूर का चयन उनकी फिल्मों और अभिनय के लिए किया गया है। उनके प्रोफाइल की लिखने की जिम्मेदारी अभिनेता आयुष्मान खुराना को दी गई थी।

आयुष्मान ने लिखा रणबीर का प्रोफाइल

आयुष्मान खुराना ने अपने लेख में लिखा है: “कुछ अभिनेता विरासत का पीछा करते हैं और कुछ अभिनेता अपनी कला के जरिए खुद विरासत बन जाते हैं। रणबीर कपूर दूसरे श्रेणी के हैं।”

उन्होंने आगे लिखा है कि भारतीय सिनेमा जैसे समृद्ध और भावुक उद्योग में महानता को अक्सर बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों, फैंस के दीवानापन और ओपनिंग वीकेंड से मापा जाता है, लेकिन रणबीर हर फिल्म के साथ कुछ शांत लेकिन ज्यादा स्थायी बदलाव लाते हैं– वे दर्शकों की भावनात्मक भाषा को बदल देते हैं।

यह भी पढ़ें: Ramayana Teaser: रामायण के पहले टीजर को मिलीं आलोचनाओं के बीच नमित मल्होत्रा ने दिया संदेश- ‘हम गौर से सुन रहे हैं…’

आयुष्मान खुराना ने रणबीर की अभिनय शैली को ‘आंतरिक’ बताया। उन्होंने लिखा है: “दुनिया जहां प्रदर्शन को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है, वहां रणबीर अपनी भावनाओं को अंदर ही अंदर पकड़ते हैं। वे अपनी संस्कृति को शांत संयम के माध्यम से दिखाते हैं। वे उस भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो अंततः खुद को सुनना सीख रहा है और सादगी भरी प्रामाणिकता से अपनी छाप छोड़ रहा है।”

आयुष्मान ने आगे कहा है: “रणबीर जैसे अभिनेता वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पुल बनते हैं। वे उस भारत का प्रतीक हैं, जो ना सिर्फ आकार में बल्कि संवेदनशीलता में भी विकसित हो रहा है। हमारा सिनेमा दुनिया को प्रभावित कर रहा है।

रणबीर महज मूवी स्टार नहीं हैं– वे एक कहानीकार हैं, जो वैश्विक दर्शकों से बात कर रहे हैं और उन्हें एक पौराणिक देश की कहानियां सुना रहे हैं, जहां रामायण जैसे महाकाव्य ने अन्य सभ्यताओं और संस्कृतियों को प्रेरित किया है।”

नमित मल्होत्रा ने जाहिर की खुशी

रामायण के निर्माता नमित मल्होत्रा ने रणबीर की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए एक्स पर पोस्ट लिखी। उन्होंने लिखा- अपने पिताओं को साथ में खाना और ठहाके साझा करते हुए देखने से यहां तक, चार दशकों बाद, हम सबसे महान कहानी कहने साथ आये हैं।

मैंने तुम्हारा सफर करीब से देखा है। ऊपर उठना, नीचे गिरना, खामोशी से डटे रहना और इस सबके बीच तुम पर्दे के उस पार या इस पार कैसे जमीन से जुड़े रहे। मेरे जहन में बिल्कुल संदेह नहीं था। राम का किरदार निभाने के लिए तुमसे बेहतर कोई नहीं है। तुम निस्संदेह हमारी पीढ़ी के सबसे बेहतरीन कलाकार हो।

रणबीर कपूर ने ‘बर्फी’, ‘रॉकस्टार’, ‘एनिमल’ और ‘ब्रह्मास्त्र’ जैसी फिल्मों में काम किया है। नितेश तिवारी निर्देशित ‘रामायण’ फिल्म में भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं, जो दिवाली पर रिलीज होने वाली है।