मुंबई। Ayushmann Sara in Udta Teer: बॉलीवुड में स्पाइ एक्शन थ्रिलर फिल्में खूब बनती रही हैं। धर्मेंद्र की आंखें से लेकर यशराज फिल्म्स के स्पाइ यूनिवर्स और लेटेस्ट धुरंधर तक, यह सभी फिल्में जासूसी के रोमांच और एक्शन को दिखाती हैं।
पिछले दिनों आई वीर दास की हैप्पी पटेल- खतरनाक जासूस में जरूर कॉमेडी का तड़का मारा गया था, मगर यह फिल्म पूरी तक वॉश आउट रही। स्पाइ कॉमेडी जॉनर को अब करण जौहर का प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शंस एक्सप्लोर करने जा रहा है।
स्पाइ फिल्म में आयुष्मान-सारा की जोड़ी
इस फिल्म का टाइटल है उड़ता तीर और जैसा कि नाम से ही जाहिर है कि यह स्पाइ फिल्म कॉमेडी होगी। फैमिली ड्रामा और रोमांटिक फिल्मों से पहचान बनाने वाले धर्मा प्रोडक्शंस की राजी के बाद यह दूसरी स्पाइ फिल्म होगी। हालांकि, राजी एक सीरियस स्पाइ फिल्म थी।
उड़ता तीर की मुख्य स्टार कास्ट में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान शामिल हैं, जिनके साथ आयुष्मान की दूसरी फिल्म होगी। इस फिल्म का लेखन निर्देशन आकाश ए कौशिक कर रहे हैं, जबकि धर्मा प्रोडक्शंस के साथ सिख्या एंटरटेनमेंट इसे प्रोड्यूस कर रहा है। आकाश का यह डायरेक्टोरियल डेब्यू है। फिल्म इसी साल 11 सितम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
यह भी पढ़ें: Ayushmann Khurrana Movies: यशराज-पोशम पा की पहली फिल्म के साथ आयुष्मान की 8 साल बाद YRF में वापसी
सारा के साथ दूसरी फिल्म
आयुष्मान खुराना इससे पहले पति पत्नी और वो दो में नजर आएंगे, जो एक रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है। इसमें आयुष्मान पहली बार सारा अली खान और वामिका गब्बी के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करेंगे। हालांकि, फिल्म की तीसरी लीडिंग लेडी रकुल प्रीत के साथ उनकी डॉक्टर जी के बाद दूसरी फिल्म होगी। यह फिल्म अगले महीने सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
वामिका गब्बी की फिल्म भूत बंगला सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में वो अक्षय कुमार के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर कर रही हैं।

