Lokah Chapter 1: Chandra: शेमारू जोश चैनल पर आ रही है ‘लोकाह चैप्टर-1’, जानें- कब और कितने बजे?

Lokah Chapter 1 Chandra YouTube channel premiere. Photo- X

मुंबई। Lokah Chapter 1: Chandra YouTube Premiere: 2025 की बहुचर्चित मलयालम वैम्पायर सुपरहीरो फिल्म लोकाह चैप्टर 1 चंद्रा अब शेमारू जोश यू-ट्यूब चैनल पर हिंदी में आ रही है। इस फिल्म में कल्याणी प्रियदर्शन ने मुख्य भूमिका निभाई है। लोकाह का निर्माण दुल्कर सलमान ने किया था और फिल्म में उन्होंने कैमियो भी किया। यह फिल्म अपनी थीम के कारण काफी चर्चा में रही थी, जो लोक कथाओं से प्रेरित थी।

लोककथा से प्रेरित है लोकाह

डोमिनिक अरुण निर्देशित फिल्म की कहानी के केंद्र में चंद्रा है, जो एक वैम्पायर है और कई सदियों से अपने मकसद को पूरा करने में जुटी है। चंद्रा खुद को छिपाकर, बुरी शक्तियों से समाज और दुनिया की हिफाजत करती है। मगर, कुछ घटनाओं के बाद जब उसकी सच्चाई खुलती है तो शक्तिशाली ताकतें उसके पीछे पड़ जाती हैं। चंद्रा की मदद एक खुफिया संस्था करती है।

फिल्म में टोविनो थॉमस, इंद्रजीत सुकुमारन ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। जेक्स बिजॉय ने फिल्म का संगीत दिया है।

यह भी पढ़ें: OTT Releases (20-26 April): अनिल कपूर की ’24’ समेत ओटीटी पर इस हफ्ते आ रहीं ये सीरीज और फिल्में

28 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन किया था और मलयालम सिनेमा की ऑल टाइम हाइएस्ट ग्रॉसर फिल्म बनी। फिल्म ने 300 करोड़ से ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन वर्ल्डवाइड किया था। इसे मलयालम के अलावा तमिल, तेलुगु कन्नड़ और हिंदी में भी रिलीज किया गया था।

कल्याणी प्रियदर्शन ने अपने अभिनय और एक्शन से काफी तारीफें बटोरीं और अवॉर्ड्स भी अपने नाम किये। कल्याणी, जाने-माने निर्देशक प्रियदर्शन की बेटी हैं।

कब और कितने बजे होगी रिलीज?

लोकाह चैप्टर 1 चंद्रा, शेमारू जोश यू-ट्यूब चैनल पर 24 अप्रैल को शाम 7 बजे से देखी जा सकती है। खास बात यह है कि फिल्म देखने के लिए दर्शकों को पैसे खर्च नहीं करने होंगे, क्योंकि यह फ्री टू एयर है।