इस हीरोइन के साथ 100 फीसदी रहा है Akshay Kumar का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड, अनीस बज्मी की फिल्म में चौथी बार आ रहे साथ

Akshay Kumar reunites with his hit heroine. Photo- X

मुंबई। Akshay Kumar Good Luck Charm Actress: अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला की रिलीज को आज (गुरुवार) सात दिन पूरे हो गये और खिलाड़ी अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू करने के लिए प्राइवेट जेट से केरलम पहुंच गये हैं।

इस फिल्म का निर्देशन अनीस बज्मी कर रहे हैं। फिल्म में अक्षय अपनी एक ऐसी हीरोइन के साथ रीयूनाइट हो रहे हैं, जिसे वो अपना गुड लक चार्म मानते हैं। आपने पहचाना कौन है वो हीरोइन? नहीं तो आगे बढ़ते हैं।

विद्या के साथ अक्षय की चौथी फिल्म

अक्षय की यह हीरोइन हैं विद्या बालन, जिनके साथ खिलाड़ी नई फिल्म की शूटिंग शुरू कर रहे हैं। अक्षय ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया एकाउंट के जरिए साझा की। एक्स पर खिलाड़ी ने विद्या बालन के साथ प्राइवेट जेट में एंट्री लेने का वीडियो शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा- ”अगला स्टॉप- भगवान का अपना देश, करिश्माई केरलम।

अनीस बज्मी के साथ मेरी अगली फिल्म हमेशा शानदार विद्या बालन के साथ चौथी फिल्म होगी और उम्मीद करता हूं कि हमारी जोड़ी का गुड लक चार्म जारी रहेगा। इसके साथ अक्षय ने फिंगर्स क्रॉस्ड का संकेत बनाया है।”

यह भी पढ़ें: Bhooth Bangla Box Office Day 6: बुधवार को गिरी ‘भूत बंगला’ की कमाई, पहले हफ्ते में 100 करोड़ का पड़ाव हुआ दूर

विद्या के साथ हिट रहीं अक्षय की सभी फिल्में

अक्षय ने वैसे तो कई हीरोइनों के साथ काम किया है, मगर विद्या को गुड लक चार्म क्यों कहा, इसके पीछे बॉक्स ऑफिस बड़ी वजह है। अक्षय ने विद्या के साथ जितनी फिल्में की हैं, सभी बॉक्स ऑफिस पर सफल रही हैं।

अक्षय और विद्या पहली बार 2007 की फिल्म हे बेबी में साथ आये थे, जिसका निर्देशन साजिद खान ने किया था। इस फिल्म में अक्षय और विद्या के अलावा रितेश देशमुख और फरदीन खान लीड स्टार कास्ट का हिस्सा थे। शाह रुख खान ने एक गाने में कैमियो किया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही।

उसी साल अक्षय और विद्या प्रियदर्शन निर्देशित भूल भुलैया में साथ आये। इस साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म में विद्या अक्षय के अपोजिट तो नहीं थीं, मगर वो फिल्म की फीमेल लीड थीं। यह फिल्म बेहद सफल रही और आज कल्ट फिल्म मानी जाती है।

अक्षय और विद्या की तीसरी फिल्म मिशन मंगल है, जो 2019 में आई थी। इस फिल्म की लीड स्टार विद्या थीं और अक्षय सहयोगी किरदार में थे। 200 करोड़ से अधिक कलेक्शन करके यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई।

जाहिर है कि अक्षय जब-जब विद्या बालन के साथ पर्दे पर आये हैं, फिल्म को सफलता मिली है, फिर चाहे वो उनके अपोजिट हों या ना हों। यही वजह है, खिलाड़ी ने विद्या को अपना गुडलक चार्म कहा है।

अनीस बज्मी के साथ अक्षय की चौथी फिल्म

संयोग की बात है कि विद्या की तरह ही अनीस बज्मी और अक्षय की भी यह चौथी फिल्म है। अनीस के निर्देशन में अक्षय कुमार की पहली फिल्म वेलकम 2007 में आई थी, जो बहुत बड़ी हिट रही और आज भी इस फिल्म के मीम सोशल मीडिया में वायरल होते हैं। इस फिल्म में अक्षय के साथ कटरीना कैफ फीमेल लीड थीं। नाना पाटेकर, परेश रावल और अनिल कपूर अहम किरदारों में थे।

इसके बाद दोनों ने सिंह इज किंग और थैंक यू में साथ काम किया, जो 2011 में आई थी। इस फिल्म के पूरे 15 साल बाद अक्षय, अनीस के निर्देशन में काम कर रहे हैं।