Raghav Chadha: जब सिनेमा के ग्लैमर पर रीझे सियासत के सूरमां, अभिनेत्रियों ने नेताओं को बनाया अपना हमसफर

Bollywood heroines married to politicians. Photo- Instagram

मुंबई। Politicians Married To Bollywood Actresses: राजनीति को थोड़ा रूखा विषय माना जाता है। वहीं, सिनेमा ग्लैमर की चकाचौंध लेकर आता है। फिर भी इन दोनों क्षेत्रों का एक-दूसरे से मिलन होता रहा है। तमाम सितारे पर्दे पर नेताओं के किरदार निभाते रहे हैं तो कई पर्दे के इस पार राजनीतिक दांव आजमा चुके हैं। मगर, यह जुगलबंदी उस वक्त दिलचस्प हो जाती है, जब सियासत करने वाले नेताओं के दिल पर कोई अभिनेत्री राज करने लगती है।

भारतीय राजनीति में ऐसे तमाम चेहरे मिल जाएंगे, जो सिनेमा के पर्दे पर चमकने के बाद राजनीति के मैदान में उतर गये और कामयाबी पारी खेली। मगर, ऐसे चेहरे ज्यादा नहीं हैं, जिन्होंने अपना हमसफर किसी फिल्मी हस्ती को चुना। मोहब्बत की कहानियां तो हैं, मगर शादी की मंजिल तक पहुंचने वाली कम ही हैं।

इस लेख में ऐसी जोड़ियों का जिक्र करेंगे, जिनमें एक सियासी खिलाड़ी है तो दूसरा सिनेमा का।

राघव चड्ढा-परिणीति चोपड़ा

राज्य सभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया और इसके बाद वो चर्चा में आ गये। राघव बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा के पति हैं। उनकी शादी सितंबर 2023 में हुई थी। परिणीति से शादी के बाद राघव का मनोरंजन इंडस्ट्री उठना-बैठना बढ़ गया और वो द ग्रेट इंडियन कपिल शो में भी पत्नी के साथ पहुंचे, जहां दोनों ने अपनी प्रेम कहानी की कई परतें खोलीं।

यह भी पढ़ें: AAP की कार्रवाई के बाद राघव चड्ढा के सपोर्ट में उतरीं प्रियंका चोपड़ा, राज्य सभा सांसद की पोस्ट पर दी यह प्रतिक्रिया

एच.डी. कुमारस्वामी-राधिका कुमारस्वामी

जनता दल सेक्युलर– JD(S) नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने लोकप्रिय कन्नड़ अभिनेत्री और प्रोड्यूसर राधिका (पुजारी) से शादी की थी। दोनों की यह दूसरी शादी थी, जिससे 2010 में पर्दा उठा था। कुमारस्वामी पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के बेटे हैं। राधिका ने बताया था कि कुमारस्वामी के साथ उन्होंने 2007 में शादी की थी। हालांकि, 2015 में दोनों अलग हो गये।

रवि राणा-नवनीत राणा

साउथ फिल्मों में लम्बी पारी खेलने के बाद 2011 में नवनीत कौर ने अमरावती के राजनेता और तीन बार के विधायक रवि राणा से शादी कर ली और नवनीत राणा बन गईं। इसके बाद वो खुद भी राजनीति में सक्रिय हो गईं। 2014 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा, मगर हार गईं। 2024 में नवनीत ने बीजेपी ज्वाइन कर ली और अब अक्सर अपने बयानों के लिए चर्चा में रहती हैं।

फहाद अहमद-स्वरा भास्कर

स्वरा भास्कर ने बॉलीवुड में एक सक्षम अभिनेत्री के रूप में नाम कमाया। साथ ही, एक जागरूक नागरिक के तौर पर भी वो सक्रिय रहती हैं। मुद्दों पर खुलकर बोलती हैं। इसी वैचारिक जागरूकता ने उन्हें समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता और वर्तमान में एनसीपी (एसपी) से जुड़े फहाद अहमद से मिलवाया।

दोनों ने 2023 में कोर्ट मैरिज की। इस शादी ने तमाम लोगों को चौंकाया था, क्योंकि राजनीति में सक्रिय फहाद तमाम लोगों के लिए अनजान थे। बहरहाल, स्वरा से शादी के बाद फहाद भी मनोरंजन की दुनिया में विचरण करने लगे। पत्नी स्वरा के साथ उन्होंने रिएलिटी शो पति पत्नी और पंगा में भाग लिया। यह जोड़ी थर्ड रनर अप रही थी।

फरहान आजमी-आयशा टाकिया

वॉन्टेड में सलमान खान की हीरोइन रहीं आयशा टाकिया ने 2009 में मुंबई के सपा नेता अबु आजमी के बेटे फरहान आजमी से शादी की। फरहान राजनीतिक परिवार से हैं, मगर सक्रिय नहीं हैं। फरहान रेस्टॉरेंट चलाते हैं।