Who Is Sanskruti Jayana: ‘कृष्णावतारम’ से डेब्यू कर रही हैं राज्यपाल और पूर्व मुख्यमंत्री की पोती, जानें- क्या है किरदार?

Who is Sanskruti Jayana from Krishnavataram. Photo- Instagram

मुंबई। Who Is Sanskruti Jayana: अभिनेत्री संस्कृति जयाना इन दिनों सुर्खियों में हैं। वह पौराणिक महाकाव्य फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट’ से बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। यह भगवान कृष्ण के जीवन के उस पक्ष को दिखाती है, जो अक्सर सिनेमा के पर्दे पर उपेक्षित रहा है।

कृष्णावतारम कृष्ण और राधा के प्रेम से लेकर उनकी पत्नियों सत्यभामा और रुक्मिणी की कहानी दिखाएगी। संस्कृति फिल्म में सत्यभामा की भूमिका निभा रही हैं, जो वॉरियर भी थीं और कृष्ण के साथ युद्ध लड़ा था। यह उनकी पहली फिल्म है और 7 मई 2026 को रिलीज होने वाली इस ट्रिलॉजी की शुरुआत है।

कौन हैं संस्कृति जयाना?

संस्कृति जयाना गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश की वर्तमान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की पोती हैं। उनकी मां अनार पटेल एक प्रसिद्ध सोशल एंटरप्रेन्योर हैं, जो क्राफ्टरूट्स और ग्रामश्री जैसी पहल चला रही हैं।

इनके जरिए वे महिलाओं और कारीगरों को सशक्त बनाती हैं। पिता का नाम जयेशभाई पटेल है। परिवार की सामाजिक सेवा की परंपरा को देखते हुए संस्कृति ने बचपन से ही सेवा भावना को अपनाया। उन्होंने अहमदाबाद में जन्म लिया और 12वीं तक की पढ़ाई वहीं की।

संस्कृति ने फैशन और एक्टिंग दोनों क्षेत्रों में खुद को तैयार किया। उन्होंने लंदन कॉलेज ऑफ फैशन से फैशन मैनेजमेंट पढ़ा और न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी, आरएडीए तथा ली स्ट्रासबर्ग थिएटर एंड फिल्म स्कूल जैसे संस्थानों से एक्टिंग और डांस की ट्रेनिंग ली। 16 साल की उम्र में ही उन्होंने अपना फैशन ब्रांड शुरू किया और एंटरप्रेन्योर बन गईं। लेकिन उनका सपना हमेशा से अभिनय का रहा।

यह भी पढ़ें: UP CM योगी आदित्यनाथ से मिली ‘कृष्णावतारम’ फिल्म की टीम, राधा-कृष्ण के प्रेम को समर्पित है अपकमिंग मूवी

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ संस्कृति। फोटो- फिल्म पीआर

कृष्णावतारम में सत्यभामा का किरदार

‘कृष्णावतारम’ में संस्कृति सत्यभामा का किरदार निभा रही हैं, जो प्रेम, शक्ति और परिवर्तन की कहानी का केंद्र है। फिल्म का ट्रेलर श्री कृष्ण जन्मभूमि, मथुरा में लॉन्च किया गया। इसके बाद संस्कृति ने गौशाला का दौरा किया और लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आशीर्वाद लिया।

मथुरा की गऊशाला में सिद्धार्थ गुप्ता के साथ संस्कृति। फोटो- फिल्म पीआर

उन्होंने कहा कि यह फिल्म युवाओं के लिए जिम्मेदारी का संदेश लेकर आई है। ट्रेलर में उनकी परफॉर्मेंस को दर्शकों ने खूब सराहा है। फिल्म का निर्देशन हर्दिक गज्जर ने किया है और इसे सजन राज कुरुप, शोभा संत व पूनम श्रॉफ ने प्रोड्यूस किया है। यह हिंदी, तेलुगु और तमिल में रिलीज होगी। फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता कृष्ण के रोल में हैं।