मुंबई। Salman Khan Nayanthara Film on Eid: शुक्रवार को सलमान खान ने नयनतारा संग अपनी निर्माणाधीन फिल्म SVC 63 (वर्किंग टाइटल) की रिलीज डेट की घोषणा कर दी। वामशी पैडिपल्ली निर्देशित फिल्म अगले साल ईद पर सिनेमाघरों में पहुंचेगी। सलमान ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। साथ ही, मातृभूमि को लेकर अभी कोई फैसला ना होने की भी सूचना फैंस के साथ साझा की।
सलमान-नयनतारा ने शुरू की शूटिंग
सलमान ने एसवीसी 63 के सेट का वीडियो एक्स पर शेयर किया, जिसमें नयनतारा, सलमान, निर्देशक वामशी और निर्माता दिल राजू सेट पर पहुंचते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ सलमान ने लिखा- थोड़ा दूर की सोचना चाहिए, इसलिए ईद की घोषणा की। फिक्र मत कीजिए, इस वाली (मातभूमि) का भी बताएंगे, जब समय ठीक होगा। धैर्य रखिए, थोड़ा सा सब्र।
मेरे जितना ही इंतजार करना पड़ेगा। बहरहाल, जो आपका हाल है, वो ही मेरा भी हाल है। हा हा।
यह भी पढ़ें: Salman Khan VS Arijit Singh: सलमान खान ने पहली बार मानी अपनी भूल, ‘बैटल ऑफ गलवान’ में भी सुनाई देगी सिंगर की आवाज
सलमान खान और साउथ
सलमान खान साउथ के निर्देशकों के साथ अपने करियर की शुरुआत से ही काम करते रहे हैं। 1991 में आई सलमान की फिल्म लव और 1992 में आई जागृति का निर्देशन सुरेश कृष्णा ने किया था, जो तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ सिनेमा के चर्चित निर्देशक थे।
1998 में आई बंधन और 2000 में आई कहीं प्यार ना हो जाए के निर्देशक के मुरली मोहन राव थे, जो तेलुगु सिनेमा के निर्देशक थे। 2002 में आई सलमान, माधुरी दीक्षित और शाह रुख खान स्टारर हम तुम्हारे सनम का निर्देशन केएस आधियामन ने किया, जो तमिल और तेलुगु सिनेमा के निर्देशक थे।
2005 में आई क्योंकि का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था। 2009 में आई सलमान की वॉन्टेड के निर्देशक प्रभु देवा थे। 2011 में आई बॉडीगार्ड के निर्देशक दिवंगत सिद्दीक थे, जिन्होंने मलयालम सिनेमा में काफी किया। मगर, इन सभी फिल्मों के निर्माता बॉलीवुड से ही थे।
किसी साउथ के बैनर के साथ SVC 63 सलमान खान की पहली फिल्म है, जिसे दिल राजू की कम्पनी श्री वेंकटेश्वर क्रिएशंस बना रही है।
मातृभूमि की रिलीज पर संशय कायम
मातृभूमि का निर्देशन अपूर्व लखिया कर रहे हैं। यह गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ भारतीय फौजियों की झड़प की कहानी थी। फिल्म अप्रैल में रिलीज होने वाली थी, मगर इसमें भारी बदलाव किये जा रहे है, जिसके कारण रिलीज लटक गई है।
खबरें आई थीं कि सरकार ने फिल्म से चीन का पूरा रेफरेंस हटाने के लिए कहा है, जिसकी वजह से कहानी में काफी किये जा रहे हैं और इसके कुछ हिस्से फिर शूट किया जा रहे हैं, जिसके कारण मातृभूमि की रिलीज को लेकर अभी कोई पुख्ता जानकारी नहीं दी गई है।

