मुंबई। Subhash Ghai First Reaction on Khalnayak Returns: हिंदी सिनेमा की सुपर हिट फिल्म खलनायक संजय दत्त के करियर की एक बेहद अहम फिल्म है। यह फिल्म उनके लिए खुशी और गम दोनों लेकर आई थी। खलनायक जहां बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी, वहीं संजय को निजी जिंदगी में विवादों के तूफान से गुजरना पड़ा था।
बहरहाल, दशकों बाद खलनायक रिटर्न्स की घोषणा की गई है, जिसे खलनायक के निर्माता-निर्देशक सुभाष घई ने अपना आशीर्वाद दिया है। सीक्वल का निर्माण संजय दत्त जिओ स्टूडियोज और मुक्ता आर्ट्स के साथ मिलकर कर रहे हैं।
सुभाष घई क्रिएटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी सम्भाल रहे हैं। हालांकि, यह अभी तय नहीं है कि खलनायक रिटर्न्स ओरिजिनल फिल्म का सीक्वल होगी या प्रीक्वल या फिर नई कहानी के साथ इसे आगे बढ़ाया जाएगा।
सुभाष घई ने दिया अपना आशीर्वाद
घई ने फिल्म की टीम को अपना आशीर्वाद दिया। उन्होंने एक्स पर संजय के लुक का पोस्टर शेयर करके लिखा- आज के खलनायक के रूप में मुझे उनका लुक पसंद आया। मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड में हम सभी खुश हैं कि खलनायक लौट रहा है, जिसे संजय दत्त एस्पेक्ट एंटरटेनमेंट, जिओ स्टूडियोज और मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड के साथ मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। क्रिएटिव प्रोड्यूस के तौर पर मेरा आशीर्वाद पूरी टीम के साथ है।
यह भी पढ़ें: इस हीरोइन के साथ 100 फीसदी रहा है Akshay Kumar का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड, अनीस बज्मी की फिल्म में चौथी बार आ रहे साथ
बता दें, खलनायक रिटर्न्स की घोषणा शुक्रवार रात को की गई थी। फिल्म से संजय दत्त के फर्स्ट लुक पोस्टर और टीजर भी जारी किया गया, जिसे संजय ने शेयर किया था। इसके साथ उन्होंने लिखा- कुछ कहानी खत्म नहीं होतीं। वो दोबारा शुरू होती हैं। खलनायक रिटर्न्स।
जिओ स्टूडियोज की ब्लॉबस्टर फिल्म धुरंधर और धुरंधर 2 में संजय दत्त ने पाकिस्तानी पुलिस अधिकारी असलम चौधरी का किरदार निभाया है, जिसे काफी पसंद किया गया।
1993 में आई थी खलनायक
सुभाष घई निर्मित निर्देशित खलनायक 6 अगस्त 1993 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में संजय दत्त टाइटल रोल में थे, जबकि जैकी श्रॉफ और माधुरी दीक्षित ने लीड रोल निभाये थे। फिल्म की कहानी एक वॉन्टेड क्रिमिनल बल्लू, उसके पीछे लगे पुलिस अफसर राम कुमार सिन्हा और सब इंस्पेक्टर गंगोत्री सिंह के इर्द-गिर्द घूमती है।
खलनायक 1993 की सबसे सफल फिल्मों में से एक थी। फिल्म का संगीत भी काफी लोकप्रिय रहा था। खासकर, चोली के पीछे क्या है गाने को खूब लोकप्रियता मिली। बोलों के कारण यह गाना विवाद में भी रहा था।
1994 में इस फिल्म का तेलुगु में कैदी नम्बर 1 के नाम से रीमेक बना। तमिल में उसी साल हीरो नाम से इसे रीमेक किया गया था, जबकि पंजाबी भाषा में 2002 में बिल्ला नाम से इसका रीमेक बनाया गया। इस फिल्म की रिलीज से पहले 1993 बॉम्बे बॉम्बिंग्स केस में संजय का नाम आया था, जिसके कारण उन्हें अगले कई महीने जेल में गुजारने पड़े थे।

