‘प्रजापति पांडेय ने खुद आयुष्मान खुराना को चुना है’, पति पत्नी और वो दो में एक्टर की कास्टिंग पर बोले निर्देशक मुदस्सर अजीज

Mudassar Aziz on Ayushmann Khurrana casting. Photo- Film PR

मुंबई। Pati Patni Aur Woh Do: आयुष्मान खुराना की अपकमिंग फिल्म पति पत्नी और वो दो 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म में आयुष्मान तीन महिलाओं के बीच फंसे शख्स प्रजापति पांडेय के किरदार में नजर आएंगे।

आयुष्मान ऐसे कलाकार हैं, जो आम आदमी से जुड़ी भूमिकाओं को बेहद सहजता से निभाते हैं। अब फिल्म के निर्देशक मुदस्सर अजीज ने वो वजह बताई, जिसके कारण आयुष्मान को इस किरदार के लिए चुना गया।

आयुष्मान इस रोल के लिए क्यों हैं परफेक्ट?

आयुष्मान के साथ काम करने पर बात करते हुए मुदस्सर ने कहा, “मेरा मानना है कि आयुष्मान खुराना देश के सबसे पसंदीदा ऐसे ‘अच्छे इंसान’ हैं, जो परिस्थितियों में फंस जाते हैं। पिछले एक दशक में इस प्रकार की फिल्मों में उनका काम उत्कृष्ट रहा है।

मुझे गर्व है कि इस बार मैं उनके दर्शकों के सामने एक ऐसा आयुष्मान प्रस्तुत कर रहा हूं, जो अपनी ही परिस्थिति का समाधान भी है। प्रजापति पांडे ने स्वयं को निभाने के लिए आयुष्मान खुराना को चुना है।”

इस फिल्म सीरीज के बारे में बात करते हुए मुदस्सर ने ‘पति पत्नी और वो दो’ के विस्तार कहा कि यह फिल्म अपने मूल हास्य तत्वों को बनाए रखते हुए एक नया दृष्टिकोण प्रस्तुत करेगी।

यह भी पढ़ें: Pati Patni Aur Woh Do Teaser: पति पत्नी और वो से आगे निकली कहानी, अब तीन महिलाओं में फंसे आयुष्मान खुराना

कैसा था कलाकारों का तालमेल?

कई कलाकारों के साथ काम करने में माहिर मुदस्सर ने सेट पर कलाकारों के बीच तालमेल को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, “सिचुएशनल कॉमेडी में कई किरदारों की कहानी को साथ लेकर चलना एक प्रभावशाली पटकथा की मांग करता है।

केवल हास्य प्रसंगों पर निर्भर ना रहकर, किरदारों को परिस्थितियों में रखना जरूरी होता है, ताकि उनके चरित्र की यात्रा बनी रहे। जहां तक हास्य की लय का सवाल है, मैं स्वयं को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे इस फिल्म में 6-7 उत्कृष्ट कलाकारों के साथ काम करने का अवसर मिला और इसका श्रेय उन्हें भी उतना ही जाता है, जितना मुझे।”

‘पति पत्नी और वो दो’ क्लासिक ह्यूमर को नये अंदाज के साथ प्रस्तुत करती है, जिसमें उलझन, अफरा-तफरी और रोजमर्रा के रिश्तों से उपजे हंसी के क्षण शामिल हैं। फिल्म अपनी जड़ों से जुड़ी सादगी को बनाए रखते हुए, विचित्र किरदारों और परिस्थिति-आधारित हास्य के माध्यम से मनोरंजन को और ऊंचाई देती है।

फिल्म का निर्माण टी-सीरीज और बी आर स्टूडियोज ने किया है। फिल्म के निर्माता हैं भूषण कुमार, रेनू रवि चोपड़ा और किशन कुमार हैं, जबकि रचनात्मक निर्माता हैं जूनो चोपड़ा।