मुंबई। Khatron Ke Khiladi 15 Confirmed Contestants : छोटे पर्दे का लोकप्रिय सेलिब्रिटी स्टंट रिएलिटी शो फीयर फैक्टर खतरों के खिलाड़ी अपने 15वें सीजन के साथ लौटने वाला है। शो की प्रसारण तिथि अभी तक जारी नहीं की गई है, मगर शो में खतरों से खेलने जा रहे 12 कंटेस्टेंट्स के नाम सामने आ गये हैं। इनमें बिग बॉस 19 के विनर गौरव खन्ना, फरहाना भट्ट और ओरी भी शामिल हैं।
रोहित शेट्टी की मेजबानी वाले इस शो में मुख्य रूप से टीवी इंडस्ट्री से जुड़े सेलिब्रिटी भाग लेते हैं। शो में सेलिब्रिटीज को अलग-अलग तरह के टास्क पूरे करने होते हैं। इनमें जमीन, आसमान और पानी में स्टंट करने के साथ कभी कीड़े-मकोड़ों तो कभी सांपों के साथ टास्क करने होते हैं, जो जोखिम भरे होने के साथ डरावने भी होते हैं।
कंटेस्टेंट्स की कन्फर्म्ड लिस्ट
इस बार शो में जो 12 सेलिब्रिटीज भाग ले रहे हैं, उनमें ज्यादातर टीवी कलाकार हैं। रविवार को चैनल ने इन कंटेस्टेंट्स की लिस्ट जारी की। इनमें कुछ कंटेस्टेंट्स ऐसे हैं, जो पहले भी खतरों के खिलाड़ी शो में भाग ले चुके हैं। गौरव खन्ना ने बिग बॉस 19 जीता था, जबकि फरहाना भट्ट रनरअप रही थीं।
- गौरव खन्ना
- ऋत्विक धनजानी
- विशाल आदित्य सिंह
- करन वाही
- फरहाना भट्ट
- अविनाश मिश्रा
- ओरी
- जैस्मीन भसीन
- हर्ष गुजराल
- अविका गौर
- शगुन शर्मा
- रुबिका दिलैक
खतरों के खिलाड़ी सीजन 15 सालभर के गैप के बाद लौट रहा है। 2025 में शो प्रसारित नहीं हो सका था। बिग बॉस 19 में मेजबानी के दौरान रोहित शेट्टी ने नये सीजन की पुष्टि की थी।
इस बार शो की टैगलाइन डर का नया दौर है, जिसके चलते शो में कुछ ऐसा देखने की उम्मीद की जा रही है, जो पहले नहीं हुआ है।
2008 में शुरू हुआ था खतरों के खिलाड़ी
खतरों के खिलाड़ी अमेरिकी रिएलिटी शो फीयर फैक्टर का हिंदी अडेप्टेशन है। भारत में इसकी शुरुआत सोनी टीवी पर फीयर फैक्टर इंडिया के नाम से हुई थी। 2008 में यह शो कलर्स चैनल पर फीयर फैक्टर- खतरों के खिलाड़ी नाम से प्रसारित होना शुरू हुआ था। पहले सीजन की मेजबानी अक्षय कुमार ने की थी, जिसे मॉडल और एक्ट्रेस नेत्रा रघुरमन ने जीता था।
रोहित शेट्टी के अलावा प्रियंका चोपड़ा और अर्जुन कपूर शो की मेजबानी कर चुके हैं। रोहित ने पांचवें सीजन से शो की बागडोर सम्भाली थी और सातवें सीजन को छोड़कर रोहित ही शो की मेजबानी करते आ रहे हैं।
खतरों के खिलाड़ी 14 का प्रसारण 27 जुलाई से 29 सितम्बर 2024 तक हुआ था। रोहित की मेजबानी में शो करनवीर मेहरा ने जीता था।
यह भी पढ़ें: What to Watch on OTT in May 2026: ‘कर्तव्य’ के साथ सैफ और ‘सिटाडेल 2’ के साथ लौटेंगी प्रियंका, मई की पूरी लिस्ट

