मुंबई। Anil Kapoor as Majnu Bhai: अनीस बज्मी निर्देशित वेलकम हिंदी सिनेमा की आइकॉनिक कॉमेडी फिल्मों में से एक है। फिल्म में अक्षय कुमार, कटरीना कैफ और परेश रावल के साथ नाना पाटेकर और अनिल कपूर लीड स्टार कास्ट का हिस्सा थे। अक्षय भले ही फिल्म के हीरो थे, मगर असली महफिल नाना और अनिल ने लूटी, जिनके किरदार आज भी बेहद लोकप्रिय हैं और अक्सर मीम्स के जरिए सामने आते रहते हैं।
फिल्म में नाना और अनिल ने गैंगस्टर भाई उदय शेट्टी और मजनूं भाई के रोल निभाये थे, लेकिन क्या आपको पता है कि एक रंगीनमिजाज और पेंटिंग के शौकीन मजनूं भाई के इस किरदार के लिए अनिल कपूर ने अपने ही एक पुराने किरदार से प्रेरणा ली थी। चलिए, बताते हैं आपको।
अनिल का यह किरदार महेश भट्ट निर्देशित आवारगी के आजाद से प्रेरित था, जो 1990 में आई थी। फिल्म में गोविंदा पैरेलल लीड रोल में थे, जबकि मीनाक्षी शेषाद्रि फीमेल लीड थीं। अनुपम खेर और परेश रावल भी इस फिल्म का हिस्सा थे।
कैसे आई आवारगी की याद?
एक यूजर ने एक्स पर इस फिल्म की बेहद लोकप्रिय गजल ‘चमकते हुए चांद को टूटा हुआ तारा बना डाला’ (गुलाम अली) का वीडियो शेयर करके अनिल कपूर के टैग किया, जिसे रीपोस्ट करते हुए अनिल ने यह दिलचस्प जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा-
आवारगी मेरी यादगार फिल्मों में से भले ही ना हो, मगर इस किरदार ने मुझे कभी छोड़ा नहीं। सालों बाद यह मजनूं भाई के लिए प्रेरणा बनकर लौटा, मगर एक मजाकिया ट्विस्ट के साथ। वो झुका हुआ कंधा, हाव-भाव, पागलपन, महेश भट्ट की दुनिया में पहली बार था, बाद में अनीस बज्मी के स्टाइल में। जीवन ने एक चक्कर पूरा कर लिया हो जैसे।

क्या था अनिल कपूर का किरदार?
आवारगी एक प्रेम त्रिकोण कहानी थी, जिसमें अनिल (आजाद) और गोविंदा (धीरेंद् कुमार) के किरदारों को मीनाक्षी के किरदार मीना से प्यार हो जाता है, जो तवायफ है। आजाद गैंगस्टर है, जबकि धीरेंद्र म्यूजिक डायरेक्टर। मीना गायिका बनना चाहती है।आजाद उसे म्यूजिक डायरेक्टर धीरेंद्र कुमार से मिलवाता है। धीरेंद्र और मीना एक दूसरे से प्यार करने लगते हैं।

