तमिलनाडु चुनाव में Vijay की शानदार जीत से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में जश्न का माहौल, रजनीकांत और कमल हासन ने दी बधाई

South film industries congratulate Vijay for win. Photo- X

मुंबई। South Cinema Celebrates Vijay’s Big Victory: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय जोसेफ की जीत से पूरी दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री गदगद है। तमिल इंडस्ट्री के साथ तेलुगु इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने विजय को इस शानदार जीत पर बधाई दी है। विजय की पार्टी टीवीके मतगणना में लीड कर रही है और तमिलनाडु में सबसे बड़े राजनीतिक दल के तौर पर उभरकर सामने आई है।

चुनाव आयोग के मुताबिक, 4 मई को हुई मतगणना में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत का परचम लहराया, जबकि सत्तासीन डीएमके 59 सीटों पर सिमट गई। मतगणना शुरू होते ही विजय की पार्टी ने बढ़त बना ली थी, जो खत्म होने तक जारी रही और इसी के साथ विजय को बधाई संदेश मिलने शुरू हो गये थे।

तमिल इंडस्ट्री

तमिल सिनेमा के थलाइवा रजनीकांत ने एक्स पर विजय और उनकी पार्टी को भारी जीत के लिए बधाई दी। रजनीकांत ने लिखा-तमिलगा वेट्टरी कजगम के अध्यक्ष थीरू विजय और उनकी पार्टी को इस शानदार जीत के लिए मेरी बधाई।

तमिल सिनेमा के एक और सुपरस्टार कमल हासन ने लिखा- तमिलगम वेट्टरी कजगम की भारी जीत के लिए थीरू विजय को मेरी बधाई, जिन्होंने लोगों का विश्वास जीता और अपने पहले चुनाव में जीत हासिल कर ली। जन सेवा के लिए मेरी उनको शुभकामनाएं।

धनुष ने भी विजय को जीत के लिए बधाई देते हुए लिखा- विजय सर को मेरी दिली मुबारकबाद, जिन्होंने अपना पहला चुनाव लड़ा। उन्हें जनता का भारी समर्थन और प्यार मिला। अब वो सरकार बनाने के लिए तैयार हैं।

अभिनेता सूर्या शिवकुमार ने लिखा- लोगों का प्यार और समर्थन मिलना किसी वरदान जैसा है। तमिलनाडु ने मेरे दोस्त विजय में बहुत भरोसा जताया है। उन्हें मेरी बधाई कि तमिल राजनीति में वो नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं।

तमिल, तेलुगु और मलयालम सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री नयनतारा ने लिखा- विजय सर, बहुत बधाई। आपने आज इतिहास रच दिया। यह तो कई आंदोलनों की बस शुरुआत है।

उनकी आखिरी फिल्म जन नायगन के निर्माता केवीएन प्रोडक्शंस ने फिल्म का एक पोस्टर शेयर करके विजय को जीत की बधाई दी। बता दें, यह फिल्म सेंसर बोर्ड और कानूनी कारणों के चलते रिलीज नहीं हो पाई और पिछले दिनों इंटरनेट पर लीक हो गई थी।

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु के असली ‘जन नायगन’ साबित हुए विजय जोसेफ, विधान सभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी TVK

तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री

तेलुगु सिनेमा के मेगा स्टार चिरंजीवी ने लिखा- प्रिय विजय, आपके पहले चुनाव में इस असाधारण और हक की जीत के लिए दिली मुबारकबाद। अपने जज्बे और मकसद से यूं हीं प्रेरित और नेतृत्व करते रहो। तमिलनाडु और इसके लोगों के लिए आपकी जनसेवा के लिए शुभकामनाएं।

तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार महेश बाबू ने लिखा- नया बेंचमार्क स्थापित करने और जोरदार जीत के लिए बधाई विजय। लोगों ने आप में जो भरोसा दिखाया, आज उसका प्रतिविम्ब नजर आ रहा है। मुझे यकीन है कि यह जीत तमिलनाडु को अर्थपूर्ण विकास की ओर ले जाएगी।

रवि तेजा ने लिखा- कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जिन्हें आप जानते हो कि ऐसा होगा और मैं जानता हूं कि यह वही है। विजय गारू इस बड़ी जीत के लिए बधाई। इस शक्तिशाली नये दौर में कदम रखने के लिए शुभकामनाएं। आगे बढ़कर नेतृत्व करते रहना।

विजय देवरकोंडा ने लिखा- और नये विजय गारू। तमिलनाडु के लोगों के लिए मेरी शुभकामनाएं, जिन्होंने मतदान के लिए भारी तादाद में उमड़े और अपने हक के लिए खड़े रहे। तमिलनाडु के लोगों और नये सीएम को समवेत विकास के लिए शुभकामनां। तमिल राजनीति के इस नये दौर को देखने और सामना करने के लिए बेकरार हूं।

अभिनेता नानी ने लिखा- बधाई विजय सर। पहले संदेह से देखा गया, फिर ताज पहना दिया। हमारे घर पर हुआ, अब पड़ोस के घर में हो रहा है। छिपी हुई जीत हमेशा विशुद्ध सिनेमा की तरह होती है या कहना चाहिए विशुद्ध सियासी होती है। उम्मीद है कि तमिलनाडु के लोगों के लिए अच्छा होगा, जिन्होंने साफ तौर पर अपना फैसला दिया।

आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम और तेलुगु अभिनेता पवन कल्याण ने इन चुनावों में बीजेपी के प्रदर्शन पर एक लम्बा नोट लिखा है। इसी नोट के अंत में उन्होंने तमिलनाडु विजय के लिए विजय को बधाई दी। पवन ने लिखा-टीवीके के अध्यक्ष थीरू विजय और उनकी पार्टी को इस महा जीत के लिए खास मुबारकबाद। पहले ही चुनाव में भरोसेमंद रिप्लेसमेंट बन जाना संकेत है कि लोग बदलाव चाहते थे। मुझे उम्मीद है कि तमिलनाडु के लोगों की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए वो प्रतिबद्ध रहेंगे।

मलयालम इंडस्ट्री

दिग्गज कलाकार मोहनलाल ने एक्स पर बधाई देते हुए लिखा- प्रिय विजय, इस शानदार जीत के लिए बधाई। लोगों ने आपको चुना है। उनका भरोसा सच्चा सम्मान है। मुझे यकीन है कि आप इस पर गर्व करेंगे और सेवा के इस नये सफर की शुरुआत करेंगे। आप और आपकी टीम को मेरी बहुत शुभकामनाएं।

मलयालम सिनेमा के एक और कद्दावर अभिनेता मम्मूटी ने लिखा- टीवीके को इस यादगार जीत के लिए दिली मुबारकबाद। अब, जबकि आप राज्य का नेतृत्व करने वाले हैं, ईश्वर आपको शक्ति और दृष्टिकोण से नवाजें।

कन्नड़ इंडस्ट्री

कांतारा फेम ऋषभ शेट्टी ने एक्स पर विजय को बधाई दी। उन्होंने लिखा- तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में नया चैप्टर लिखने के लिए विजय जी को दिली मुबारकबाद। मेरी शुभकामनाएं हैं कि राज्य आपके नेतृत्व और जनसेवा के जरिए खूब तरक्की करेगा। आपकी उपलब्धि कई नौजवानों को प्रेरित करेगी।

बॉलीवुड

रितेश देशमुख ने विजय को जीत की बधाई दी।

अनुपम खेर ने जीत की बधाई देते हुए लिखा कि यह विश्वास, रिश्तों और लोगों के भरोसे की जीत है।

टाइगर श्रॉफ ने सुबह ही विजय को जीत की मुबारकबाद दे दी थी। उन्होंने लिखा- बधाई विजय। लोगों ने आप में जो भरोसा दिखाया, वो अद्भुत है। इस अगले अध्याय में आप को और बल मिले।

चुनाव में टीवीके की इस अप्रत्याशित जीत के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों ने उन्हें तमिलनाडु के अगले सीएम के रूप में देखना शुरू कर दिया है। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि विजय किसके साथ मिलकर सरकार बनाते हैं, क्योंकि बहुमत और सरकार बनाने के लिए उन्हें 10 सीटों की दरकार है।