West Bengal Assembly Election 2026: आसमान पर भाजपा के सभी ‘फिल्मी सितारे’, जमीन पर गिरे टीएमसी के तारे

Film stars winners and losers in West Bengal Election. Photo- AI

मुंबई। West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल के 2026 विधानसभा चुनावों ने ना सिर्फ राजनीतिक समीकरण बदल दिए, बल्कि टॉलीवुड के कई दिग्गज सितारों की किस्मत भी तय कर दी। भाजपा ने भारी बहुमत (206 सीटें) हासिल कर ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (81 सीटें) को सत्ता से बेदखल कर दिया।

इस ऐतिहासिक चुनाव में बंगाल फिल्म इंडस्ट्री के कई चेहरे मैदान में उतरे। भाजपा से जुड़े लगभग सभी फिल्म कलाकारों के सिर जीत का सेहरा बंधा, वहीं टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले लगभग सभी फिल्मी सितारे चुनावी जंग हार गये।

चमके भाजपा के सितारे

सबसे चर्चित नाम रुद्रनील घोष का है। लोकप्रिय बंगाली अभिनेता रुद्रनील घोष ने भाजपा टिकट पर हावड़ा जिले की शिबपुर सीट से चुनाव लड़ा। उन्होंने भारी मतों से जीत हासिल की और निकटतम प्रतिद्वंद्वी टीएमसी के डॉ. राणा चटर्जी को 16 हजार मतों से पराजित किया।

2021 से राजनीति में सक्रिय रुद्रनील ने सिनेमा और जनसेवा दोनों को जोड़कर मतदाताओं को प्रभावित किया। उनकी जीत भाजपा की लहर का प्रतीक बन गई।

महाभारत में द्रौपदी की भूमिका के लिए प्रसिद्ध वरिष्ठ अभिनेत्री रूपा गांगुली भाजपा के टिकट पर दक्षिण 24 परगना जिले की सोनारपुर दक्षिण सीट से लड़ीं। उन्होंने तृणमूल की अरुंधति मित्रा (लवली मित्रा) को 35 हजार से ज्यादो मतों से पराजित कर जीत हासिल की।

यह भी पढ़ें: तमिल सिनेमा और सियासत: एमजीआर से विजय तक… तमिलनाडु के सियासी आसमान में जब चमके ‘सितारे’

डॉ. हीरनमॉय चट्टोपाध्याय उर्फ हीरन चटर्जी अभिनेता हैं और खड़गपुर सदर (पश्चिम मेदिनीपुर) से वर्तमान बीजेपी विधायक हैं। उन्होंने इस बार (हावड़ा) से चुनाव लड़ा। हीरन ने टीएमसी के नादेबाशी जना को 22 हजार से अधिक वोटों से हराया।

वेटरन एक्ट्रेस ने कई फिल्मों और धारावाहिकों में काम कर चुकी पापिया डे अधिकारी ने टॉलीगंज (दक्षिण कोलकाता) से चुनाव लड़ा और टीएमसी अरूप बिस्वास को 6 हजार से अधिक वोटों से पराजित किया।

जाहिर है कि भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर खड़े होने वाले सभी सितारे विजयी रहे।

बुझ गये टीएमसी से सितारे


तृणमूल कांग्रेस ने भी टॉलीवुड से कई दिग्गजों को मैदान में उतारा, लेकिन भाजपा की लहर के आगे वे टिक नहीं सके। सिर्फ नयना बंधोपाध्याय अपनी सीट बचाने में सफल रहीं।

वेटरन बंगाली अभिनेत्री नयना बंधोपाध्याय ने टीएमसी के टिकट पर चौरंगी से चुनाव लड़ा और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के संतोष कुमार पाठक को 22 हजार से अधिक मतों से पराजित किया।

बैरकपुर (उत्तर 24 परगना) से टीएमसी के टिकट पर मैदान में उतरे जाने-माने निर्देशक राज चक्रवर्ती अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के कौस्तुभ बागची से 15 हजार से अधिक मतों से चुनाव हार गये।

बारागनर सीट से टीएमसी के टिकट पर खड़ी हुईं पूर्व विधायक सायंतिका बनर्जी को भाजपा के सजल घोष ने 16,956 वोटों के शिकस्त दी। 2024 के उपचुनाव में जीतने वाली सायंतिका इस बार सत्ता परिवर्तन की लहर का शिकार हो गईं।

करीमपुर सीट से लोकप्रिय अभिनेता सोहम चक्रवर्ती ने तृणमूल से चुनाव लड़ा, मगर भाजपा के समरेंद्रनाथ घोष ने उन्हें 10,185 वोटों से हराया।

मणिकतला सीट से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ीं टीवी अभिनेत्री श्रेया पांडे बीजेपी के तापस रॉय से 15 हजार से अधिक वोटों से हारीं।

टीएमसी के ब्रत्यब्रत बसु दमदम सीट से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़े और भाजपा के अरिजीत बख्शी से 25 हजार से अधिक वोटों से हार गये। बसु ममता सरकार में शिक्षा मंत्री थे।