मुंबई। Kishore Kumar Voice in Citadel 2: प्रियंका चोपड़ा जोनस की स्पाइ एक्शन सीरीज सिटाडेल का दूसरा सीजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हो गया है। इसकी कहानी एक गुप्त जासूसी संस्था सिटाडेल पर आधारित है, जिसका वजूद दुश्मन ने खत्म कर दिया है और अब इसके दुनियाभर में मौजूद एजेंट्स के पीछे पड़ा है।
प्रियंका, नाडिया सिंह के किरदार में हैं, जो सिटाडेल की पूर्व एजेंट है और अब दुश्मन की साजिशों और छलावों से अपनी बेटी और खुद को बचाने के लिए छिपती फिर रही है। वैसे तो यह पूरी तरह इंटरनेशनल स्पाइ एक्शन सीरीज है, जिसके तकरीबन हर दृश्य में धुआंधार एक्शन है, लेकिन भारतीय दर्शकों को उस वक्त सुखद आश्चर्य होता है, जब किशोर कुमार की आवाज गूंजने लगती है।
यह बिल्कुल अप्रत्याशित मौका होता है और सीरीज देख रहे भारतीय दर्शक के चेहरे पर मुस्कान खिल उठती है। चलिए, विस्तार से बताते हैं कि कब और कैसे गूंजी किशोर दा की आवाज।
दूसरे एपिसोड के एपिसोड 2 में आता है गीत
दृश्य दूसरे एपिसोड का है। एपिसोड का शीर्षक है कोल्ड प्लंज। प्रियंका का किरदार नाडिया को पता चलता है कि उसका पूर्व प्रेमी और सिटाडेल का साथी एजेंट मेसन केन वो मुखबिर था, जिसकी वजह से एजेंसी तबाह हुई थी और अब हर एजेंट को जान बचाकर भागना पड़ रहा है तो वो टूट जाती है। मेसन को खत्म करने उसके घर पहुंचती है, मगर उसे काबू करने के बावजूद मार नहीं पाती।
अपने छिपने की जगह पर लौटकर आती है। बुरी तरह टूट चुकी नाडिया बाथटब में बैठे हुए डबडबाती आंखों के साथ गुनगुनाना शुरू करती है- आ चल के तुझे मैं लेके चलूं…। बेटी से कहती है कि जब वो छोटी थी तो यह गीत उसे सुनाती थी। यही गीत उसका सहारा था। वो भगवान को इस गीत के जरिए संदेश भेजती है, मगर कोई उसकी सुनता नहीं। बेटी कहती है- मैं सुनती थी। बेटी भी गुनगुनाने लगती है और फिर नेपथ्य में किशोर कुमार की आवाज में गीत की पहली लाइन गूंज उठती है। सीन बदल जाता है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं नेटफ्लिक्स की सीरीज Glory की ‘भारती’, जिनकी ‘कातिल’ अदाएं लूट रही हैं दिल? अगर IPL देखते हैं तो पहचान जाएंगे!
हिंदी सिनेमा के दर्शकों और संगीत के फैंस के लिए यह वाकई सुख देने वाला मौका बन जाता है। यह शायद हिंदी फिल्मों का जादू ही है, जो आज भी कायम है और एक ऐसी सीरीज में सिनेमा के महानतम गायकों में से एक किशोर दा का गाया गीत इस्तेमाल किया जाता है, जिसकी उम्मीद नहीं की होगी।
बेशक यह निर्माताओं की भारतीय दर्शकों से जुड़ने की एक कवायद हो सकती है, मगर इस कवायद में भी निर्माता वो हिंदी सिनेमा के गोल्डन एरा का गीत चुनते हैं।
दूर गगन की छांव में फिल्म का है गाना
आ चल के तुझे मैं लेके चलूं… 1964 में आई दूर गगन की छांव में फिल्म का गीत है। यह एक पिता और बेटे की कहानी है। किशोर कुमार ने फिल्म में पिता का मुख्य किरदार भी निभाया था और उनके असली बेटे अमित कुमार फिल्म में उनके बेटे भी बने थे, जो बोल नहीं पाता। गीत नीचे सुनिए:

