मुंबई। NEET Paper Leak 2026: 12 मई 2026 को NTA ने NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी। पेपर लीक के आरोपों के बाद यह फैसला लिया गया, जिससे देशभर के 22.79 लाख मेडिकल अभ्यर्थियों के सपने एक पल में चूर-चूर हो गए।
यह विवाद सिर्फ छात्रों और अभिभावकों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बॉलीवुड, राजनीति और शिक्षा जगत के बड़े नामों ने भी सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। अभिनेता कमल हासन के बाद म्यूजिक डायरेक्टर विशाल ददलानी ने सिस्टम की नाकामी पर सवाल उठाए।
सेलिब्रिटीज की प्रतिक्रियाएं:
म्यूजिक डायरेक्टर और सिंगर विशाल दादलानी ने शिक्षा व्यवस्था पर हमला बोलते हुए लिखा कि देश को पढ़े-लिखे नेताओं की जरूरत है, जो शिक्षा का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि अनपढ़ सत्ता में बैठे लोग शिक्षा को कमतर आंकते हैं।
यह भी पढ़ें: तमिल सिनेमा और सियासत: एमजीआर से विजय तक… तमिलनाडु के सियासी आसमान में जब चमके ‘सितारे’
इस विवाद पर सबसे पहले तमिल सुपरस्टार और राज्य सभा सांसद कमल हासन ने तीखा रुख अपनाया। 12 मई को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर उन्होंने लिखा, “22 लाख छात्रों ने रात-दिन मेहनत की, लेकिन अपराधी साजिशों ने उनके सपने चूर कर दिए। इस मानसिक पीड़ा की जिम्मेदारी कौन लेगा? भारतीय छात्रों को इस NEET परीक्षा और उसके पीछे चल रही माफिया से बचाना जरूरी है।”

कॉमेडियन समाय रैना ने हल्के अंदाज में लेकिन कड़वी सच्चाई पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “वही फिर डॉक्टर बनकर तुम्हारा इलाज करेगा!” यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
लोकप्रिय एजुकेटर अलख पांडे (PhysicsWallah के फाउंडर) ने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। छात्र सिस्टम पर भरोसा खो रहे हैं। यह अंदरूनी लोगों की साजिश है जो पैसे के लालच में पेपर लीक करते हैं। अमीर लोग ही इसे खरीदते हैं। इन्हें आतंकवादी की तरह सजा मिलनी चाहिए।” अलख पांडे ने NTA पर भी सवाल उठाए कि रिस्ट्रिक्शन्स सिर्फ छात्रों पर क्यों?
खान सर (बिहार के मशहूर टीचर) ने स्टूडेंट्स की भावनात्मक पीड़ा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बार-बार ऐसे मामले छात्रों का विश्वास तोड़ रहे हैं और सिस्टम की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
NEET 2026 पेपर लीक: अब तक क्या-क्या हुआ?
• 1 मई से पहले: राजस्थान के सीकर और हरियाणा से जुड़े नेटवर्क में एक ‘गेस पेपर’ (लगभग 410 सवालों वाला हाथ से लिखा नोट) वायरल हो गया। यह व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप्स पर फैला। अब तक की जांच के अनुसार, हस्तलिखित पेपर नासिक से लिया गया, फिर स्कैन कर PDF बनाया गया और कोचिंग सेंटर्स तक पहुंचाया गया। छात्रों से 2 लाख से 5 लाख रुपये तक वसूले गए।
• 3 मई 2026: NEET UG 2026 परीक्षा पूरे देश में 5000+ केंद्रों पर आयोजित हुई। सुरक्षा के पूरे दावे किए गए थे। लगभग 23 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए।
• 7 मई 2026: NTA को व्हिसलब्लोअर शिकायत मिली कि ‘गेस पेपर’ में असली पेपर के 120-140 सवाल (खासकर बायोलॉजी और केमिस्ट्री) मैच कर रहे हैं। राजस्थान पुलिस की SOG टीम ने जांच शुरू की।
• 8-10 मई: सेंट्रल एजेंसियों को सूचना दी गई। सीकर के होस्टल ओनर, PG ऑपरेटर्स और कोचिंग नेटवर्क तक छापे मारे गए। CBI को केस सौंपा गया।
• 12 मई 2026: NTA ने आधिकारिक रूप से परीक्षा रद्द कर दी। CBI जांच के आधार पर यह फैसला लिया गया। री-एग्जाम की तारीख 7-10 दिनों में घोषित करने की बात कही गई।
• 13-15 मई 2026: देशभर में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के प्रदर्शन शुरू। दिल्ली, लखनऊ, जयपुर समेत कई शहरों में रैली निकाली गई। CBI ने जयपुर और अन्य जगहों से 5 आरोपी गिरफ्तार किए। एक आरोपी ने दावा किया कि “बड़े लोग” बचाए जा रहे हैं।
इससे पहले 2024 में भी नीट का पेपर लीक हुआ था और तब भी खूब बवाल मचा, मगर नतीजा कुछ नहीं निकला। शिक्षा माफिया पहले की तरह बेखौफ सक्रिय है।

