Oscars 2027: 99वें ऑस्कर समारोह की मेजबानी करेंगे कॉनन ओ’ब्रायन, कार्यकारी निर्माता राज कपूर और केटी मुलन आएंगे साथ

Conan O’Brien returns as host for 99th Oscars. Photo- Academy

मुंबई। अकादमी के सीईओ बिल क्रेमर और अकादमी की अध्यक्ष लिनेट हॉवेल टेलर ने घोषणा की कि लगातार तीसरे वर्ष एमी पुरस्कार विजेता टेलीविजन होस्ट, लेखक, निर्माता और कॉमेडियन कॉनन ओ’ब्रायन ऑस्कर के 99वें संस्करण के प्रसारण की मेजबानी करेंगे।

साथ ही, एमी पुरस्कार विजेता लाइव टेलीविजन इवेंट निर्माता राज कपूर और केटी मुलन लगातार चौथे वर्ष शो के कार्यकारी निर्माता के रूप में वापसी करेंगे। जेफ रॉस और माइक स्वीनी तीसरी बार निर्माता के रूप में लौटेंगे और स्वीनी लेखक के रूप में भी कार्य करेंगे।

99वें ऑस्कर का सीधा प्रसारण रविवार, 14 मार्च, 2027 को ABC और Hulu पर शाम 7 बजे ET / दोपहर 4 बजे PT पर होगा।

क्रेमर और टेलर ने साझा बयान में कहा, “हम 99वें ऑस्कर के लिए कॉनन, राज, केटी, जेफ और माइक के साथ फिर से काम करने के लिए रोमांचित हैं। वे एक अविश्वसनीय टीम हैं और उन्होंने पिछले दो वर्षों में बहुत ही आकर्षक, मनोरंजक और दिल को छू लेने वाले शो तैयार किए हैं।

हम फिल्म समुदाय का सम्मान करने के लिए उनकी निरंतर साझेदारी के लिए आभारी हैं — और हम कॉनन द्वारा अपनी प्रतिभा और हास्य के साथ इस उत्सव का शानदार नेतृत्व करने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।”

कौन हैं कॉनन ओ ब्रायन?

कॉनन ओ’ब्रायन को उनके लेट-नाइट टॉक शो “लेट नाइट विद कॉनन ओ’ब्रायन,” “द टुनाइट शो विद कॉनन ओ’ब्रायन” और “कॉनन” की मेजबानी के लिए जाना जाता है। अपने दो दशक से अधिक के होस्टिंग करियर से पहले, उन्होंने “सैटरडे नाइट लाइव” और “द सिम्पसन्स” के लिए एक लेखक के रूप में कार्य किया।

वर्तमान में, ओ’ब्रायन “कॉनन ओ’ब्रायन नीड्स ए फ्रेंड” पॉडकास्ट और HBO ट्रैवल शो “कॉनन ओ’ब्रायन मस्ट गो” की मेजबानी करते हैं। उन्होंने छह प्राइमटाइम एमी जीते हैं और ऑस्कर में अपने काम के लिए 33 नामांकन अर्जित किए हैं।

यह भी पढ़ें: 99th Oscars 2027: ‘इंटरनेशनल फीचर फिल्म’ कैटेगरी में अब निर्देशक को दी जाएगी ऑस्कर स्टेच्यू, एकेडमी ने बदले कई नियम

कौन हैं राज कपूर, कैटी मुलन, जेफ रॉस और माइक स्वीनी?

हिंदी सिनेमा के शोमैन राज कपूर के हमनाम राज कपूर ने नौ एमी पुरस्कार नामांकन अर्जित किए हैं और 96वें ऑस्कर और “एडेले: वन नाइट ओनली” के लिए एमी जीते हैं। उनके अन्य क्रेडिट में “द ग्रैमी अवार्ड्स,” “ACM अवार्ड्स,” “एमी अवार्ड्स,” और पेरिस ओलंपिक 2024 का समापन समारोह शामिल है। राज कपूर, कपूर फैमिली के दूर के रिश्तेदार हैं।

केटी मुलन वैश्विक लाइव इवेंट प्रोडक्शन कंपनी ‘डन + डस्टेड’ (Done + Dusted) की कार्यकारी निर्माता और पार्टनर हैं। उन्होंने ऑस्कर के लिए दो एमी नामांकन प्राप्त किए और 96वें ऑस्कर शो के लिए जीत हासिल की। उनके कार्यों में लंदन ओलंपिक के उद्घाटन और समापन समारोह से लेकर “द लिटिल मरमेड लाइव!” और “डिज्नी फैमिली सिंगालॉन्ग” फ्रैंचाइजी शामिल हैं।

जेफ रॉस एक निर्माता हैं जिनके क्रेडिट में “कॉनन ओ’ब्रायन नीड्स ए फ्रेंड,” “कॉनन विदाउट बॉर्डर्स” और “द किड्स इन द हॉल” शामिल हैं। उन्होंने दो प्राइमटाइम एमी जीते हैं और 18 नामांकन अर्जित किए हैं।

माइक स्वीनी एक निर्माता, लेखक और निर्देशक हैं जिन्होंने “कॉनन,” और “लेट नाइट विद कॉनन ओ’ब्रायन” के लिए काम किया है। उन्होंने चार प्राइमटाइम एमी जीते हैं और ऑस्कर में अपने काम के लिए नामांकन सहित 24 नामांकन अर्जित किए हैं।