मरणोपरांत धर्मेंद्र को पद्म विभूषण, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों पुरस्कार लेते हुए भावुक हुईं हेमा मालिनी, रो पड़ीं बेटी आहना देओल

Hema Malini receives Dharmendra's Padma Visbhushan. Photo- X

मुंबई। Dharmendra Padma Vibhushan: 25 मई की शाम राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। हिंदी सिनेमा के वेटरन एक्टर दिवंगत धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण प्रदान करने की घोषणा की गई थी, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों हेमा मालिनी ने रिसीव किया।

इस दौरान छोटी बेटी आहना देओल और उनके पति वैभव वोहरा भी दर्शक दीर्घा में बैठे थे। जैसे ही हेमा ने राष्ट्रपति से पुरस्कार लिया, आहना की रुलाई फूट पड़ी। पिता को मिले सम्मान ने आहना को भावुक कर दिया।

धरम जी मेरे साथ मौजूद थे

हेमा ने इसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया में साझा किये। इसके साथ एक लम्बा नोट भी लिखा- वो लम्हा, जब मैंने अपने पति धरम जी की गर्मजोशी भरी मौजूदगी को महसूस किया। जैसे मेरा हाथ पकड़कर मुझे रास्ता दिखाते हुए मंच तक ले जा रहे हों, जहां पद्म विभूषण पुरस्कार उनकी प्रतीक्षा कर रहा था।

जब माननीय राष्ट्रपति विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर रही थीं, मैं धरम जी की प्रतिनिधि के तौर पर बैठी थी और बेहद गौरवान्वित महसूस कर रही थी। उनके साथ बिताये गये वर्षों की यादें, पहले कई हिट फिल्मों में एक सह-कलाकार के तौर पर और फिर जीवनसाथी के तौर पर। वो एक प्यार करने वाले पति, बच्चों को चाहने वाले पिता और दादा, दोस्त, फिलॉस्फर और पथ-प्रदर्शक के तौर पर रहे।

यह भी पढ़ें: Padma Awards 2026: धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर नागरिक सम्मानों की घोषणा

पूरे परिवार की ओर से हेमा मालिनी ने लिया पुरस्कार

हेमा मालिनी ने आगे लिखा कि वो यह पुरस्कार पूरे दओल परिवार और फैंस की ओर से ग्रहण कर रही हैं- ”धरम जी ने इन सभी गुणों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया। वो सज्जन, दूसरों की कद्र करने वाले और चाहने वालों को प्यार देने वाले थे।

मैं हमारे पूरे परिवार और करोड़ों चाहने वालों की ओर से पूरी विनम्रता के साथ पुरस्कार स्वीकार किया। मैं ऐसे जीवनसाथी मुझे देने के लिए ईश्वर का शुक्रिया अदा करती हूं, जिनकी यादें जिंदगी भर साथ रहेंगी। धरम जी की प्रतिनिधि के तौर पर देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रहण करते हुए यह मेरी भावनाएं हैं, जो छलक उठीं।”

पद्म पुरस्कारों की घोषणा 25 जनवरी को की गई थी। धर्मेंद्र को महाराष्ट्र राज्य की ओर से कला जगत में बहुमूल्य योगदान देने के लिए पुरस्कार के लिए चुना गया। हिंदी सिनेमा के वेटरन एक्टर का निधन पिछले साल 24 नवम्बर को हुआ था। धर्मेंद्र ने अपने फिल्मी करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। उनकी पहचान रोमांटिक-एक्शन हीरो के तौर पर रही, मगर धर्मेंद्र ने हर जॉनर की फिल्म में काम किया।