मुंबई। Raja Shivaji Box Office: हिंदी सिनेमा में अपने कॉमिक किरदारों के लिए लोकप्रिय रितेश देशमुख ने हिस्टोरिकल जॉनर में भी अपनी काबिलियत साबित की है। रितेश अभिनीत और निर्देशित फिल्म राजा शिवाजी ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 करोड़ के पड़ाव को पार कर लिया है। फिल्म ने यह कारनामा चौथे वीकेंड में किया।
101 करोड़ के पार राजा शिवाजी
1 मई को रिलीज हुई फिल्म चौथे हफ्ते में चल रही है। चौथे शुक्रवार को फिल्म ने 70 लाख रुपये कमाये, जबकि शनिवार और रविवार को 1.35 करोड़ और 1.40 करोड़ नेट कलेक्शन किया, जिसके बाद रिलीज के 24 दिनों बाद इसका नेट कलेक्शन 101.40 करोड़ हो गया। राजा शिवाजी की कमाई का बड़ा हिस्सा मराठी वर्जन से आया है। हिंदी भाषा में फिल्म ने 18.98 करोड़ ही कमाये हैं।
फिल्म ने पहले हफ्ते में 57.70 करोड़ जमा किये थे, जबकि दूसरे हफ्ते में इसने 27 करोड़ और तीसरे हफ्ते में 13.25 करोड़ नेट कलेक्शन किया था। चौथे वीकेंड में राजा शिवाजी का कलेक्शन 3.45 करोड़ रहा।
Week-1: 57.70 करोड़
Week-2: 27 करोड़
Week-3: 13.25 करोड़
Weekend-4: 3.45 करोड़
2026 की आठवीं हाइएस्ट ग्रॉसर बनी राजा शिवाजी
इस कलेक्शन के साथ राजा शिवाजी साल 2026 की सफल फिल्मों में शामिल हो गई है। यह मराठी सिनेमा की हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म बन गई है। वहीं, 2026 की आठवीं हाइएस्ट ग्रॉसर फिल्म है।
रितेश ने फिल्म में शिवाजी महाराज का किरदार निभाने के साथ इसका निर्देशन भी किया। रितेश की पत्नी जिनिलिया देशमुख ने फिल्म में उनकी पत्नी का किरदार निभाने के साथ जिओ स्टूडियोज के साथ मिलकर इसका निर्माण भी किया।
फिल्म में अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, फरदीन खान, विद्या बालन, संजय मांजरेकर, अमोल गुप्ते, बमन ईरानी और सचिन खेड़ेकर ने अहम किरदार निभाये। वहीं, सलमान खान ने स्पेशल अपीयरेंस किया। राजा शिवाजी, मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन की घटनाओं पर आधारित फिल्म है।

