Awarapan 2 Update: इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्म पर आया अपडेट, जानकर खुश हो जाएंगे ‘आवारापन 2’ के फैंस

Awarapan 2 shoot finishes. Photo- Instagram

मुंबई। Awarapan 2 Update: इमरान हाशमी के जिन फैंस को आवारापन 2 का इंतजार है, उनके लिए खुशखबरी है। फिल्म की शूटिंग खत्म हो गई है और फिल्म अपने तय शेड्यूल के मुताबिक रिलीज होने के करीब पहुंच गई है। इस फिल्म के साथ शिवम की बड़े पर्दे पर कई साल बाद वापसी होगी।

19 साल बाद आ रहा सीक्वल

2007 में आई आवारापन एक कल्ट फिल्म है, जिसका संगीत भी काफी लोकप्रिय हुआ था। इस फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी ने किया था। फिल्म का निर्माण विशेष फिल्म्स ने किया था। श्रिया सरन, मृणालिनी शर्मा और आशुतोष राणा ने प्रमुख किरदार निभाये थे। दिलचस्प बात यह है कि बॉक्स ऑफिस पर असफलता के बावजूद इसे कल्ट स्टेटस मिला। यह फिल्म इमरान और मोहित की बेस्ट फिल्मों में से एक मानी जाती है।

अब लगभग 19 साल बाद इसका सीक्वल आ रहा है, जिसका निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं। फिल्म में दिशा पाटनी, शबाना आजमी अहम किरदारों में नजर आएंगे। विशेष फिल्म्स ने सोशल मीडिया में जानकारी साझा की कि फिल्म की शूटिंग खत्म हो गई है। साथ में एक तस्वीर है, जिसमें इमरान हाशमी क्लैप बोर्ड थामे हुए हैं, जिस पर लिखा है इट्स अ रैप। क्लैप बोर्ड से इमरान का लुक छिपा लिया गया है। हालांकि, उनके लम्बे बाल नजर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Awarapan 2 VS Lahore 1947: ‘आवारापन 2’ की रिलीज डेट आउट, सनी देओल से टक्कर लेंगे इमरान हाशमी!

नास्तिक हिटमैन बने थे इमरान

आवारापन में इमरान ने शिवम पंडित नाम का किरदार निभाया था, जो एक नास्तिक हिटमैन है और गैंगस्टर भरत मलिक के लिए काम करता है। श्रिया ने फिल्म में आलिया हामिद का किरदार निभाया था, जो अपराध की दुनिया में फंसे हुए शिवम को ईश्वर और मुक्ति की राह दिखाती है। मगर, गलती से अपने ही पिता की गोली का शिकार बन जाती है। भरत मलिक के किरदार में आशुतोष राणा थे। इमरान के किरदार के नाम और इस तस्वीर में नजर आ रहे लुक से यह जाहिर है कि वो अपना वही किरदार आवारापन 2 में आगे बढ़ाएंगे। हालांकि, इस बार कहानी बिल्कुल अलग होने की उम्मीद है।

आवारापन 2, 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर आवारापन 2 का मुकाबला सनी देओल की लाहौर 1947 और सलमान खान की मातृभूमि से होने की सम्भावना है, जो 15 अगस्त के मौके पर रिलीज हो रही हैं।