Dhurandhar 2 Digital Premiere: लाइव स्ट्रीमिंग को लेकर Jio Hotstar पर भड़के यूजर्स, खराब साउंड क्वालिटी ने किया मजा किरकिरा

Dhurandhar 2 digial premiere. Photo- X

मुंबई। Dhurandhar 2 The Revenge Digital Premiere: साल 2026 की ब्लॉकबस्टर और बहुचर्चित फिल्म धुरंधर 2 द रिवेंज का गुरुवार को जिओ हॉटस्टार पर डिजिटल प्रीमियर किया गया, मगर जहां यूजर्स को इस प्रीमियर से खुश होना चाहिए, वो नाराज नजर आ रहे हैं।

फिल्म की लाइव स्ट्रीमिंग ने जहां यूजर्स को बांधकर रख दिया, वहीं खराब साउंड क्वालिटी ने संवादों और एक्शन का मजा किरकिरा कर दिया। फिल्म के प्रीमियर के दौरान तमाम यूजर्स ने इसकी शिकायत सोशल मीडिया के जरिए की।

7 बजे के बजाय 7.30 बजे शुरू हुई फिल्म

धुरंधर 2 द रिवेंज के डिजिटल प्रीमियर का समय गुरुवार को शाम 7 बजे रखा गया। यूजर्स तमाम काम-धाम छोड़कर फिल्म देखने बैठे तो पता चला कि 7 बजे से तो डिक्शन चल रहा है, जिसमें गौरव गेरा, मानव गोहिल आदि कलाकार बैठे थे। फिल्म 7.30 बजे शुरू होनी थी।

लाइव स्ट्रीमिंग पर भड़के लोग

जिओ हॉटस्टार ने फिल्म का डिजिटल प्रीमियर लाइव स्ट्रीमिंग के तौर पर रखा, यानी दर्शक फिल्म को रोक कर नहीं देख सकते। अगर, कोई हिस्सा छूट गया तो उसे दोबारा नहीं देखा जा सकता। लाइव स्ट्रीमिंग से कई यूजर्स खफा नजर आये।

ओटीटी पर जब कोई फिल्म आती है तो यूजर्स अपनी सुविधा के अनुसार उसे देखता है। अगर, किसी कारणवश फिल्म रोकनी पड़े तो उसी बिंदु से दोबारा शुरू कर सकता है। मगर, लाइव स्ट्रीमिंग इस सुविधा से महरूम रहे। याद रहे फिल्म की अवधि 3 घंटा 50 मिनट थी। इतनी लम्बी फिल्म को घर पर लगातार देखना सम्भव नहीं होता, वो भी शाम 7 बजे के बाद, जब तमाम काम होते हैं।

खराब ऑडियो से सुनाई नहीं दिये संवाद

सबसे ज्यादा परेशान फिल्म की ऑडियो क्वालिटी ने किया। अचानक वॉल्यूम इतना कम हो रहा था कि संवाद सुनना मुश्किल हो रहा था। कई जगह लगा कि संवादों को म्यूट कर दिया गया है। एक्शन दृश्यों के दौरान साउंड कम होने से बीजीएम का असर फीका रहा। कई यूजर्स ने इस पर रोष जाहिर किया। हालत यह थी कि टीवी का वाल्यूम फुल करने के बाद भी संवाद सुनाई नहीं दे रहे थे।

गुरुवार को डिजिटल प्रीमियर के बाद फिल्म शुक्रवार (5 जून) से जिओ हॉटस्टार पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध रहेगी। दो दर्शक आज फिल्म नहीं देख सके, वो कल से प्लेटफॉर्म पर इसे देख सकेंगे।

आदित्य धर निर्देशित फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और 1100 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन किया था। धुरंधर 2 की कहानी हमजा अली मजारी यानी जसकीरत सिंह रांगी के बैक स्टोरी से शुरू होती है और उसके ल्यारी में गैंगस्टरों का सरताज बनने से देश के दुश्मनों का सफाया करने तक की घटनाओं को कवर करती है। कई यूजर्स का कहना है कि दूसरा पार्ट पहले के मुकाबले कमजोर रहा और खींचा हुआ लगा। फिल्म में कुछ राजनीतिक घटनाओं को जगह देने के लिए फिल्म को जबरन खींचा गया है।