मुंबई। Shah Rukh Amitabh Trolled for Alhpa: बुधवार को यशराज फिल्म्स ने अपने स्पाइ यूनिवर्स की अगली फिल्म ऐल्फा का टीजर जारी किया। इस टीजर को सोशल मीडिया में मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला।
कुछ को पसंद आया तो कुछ ने इसमें कमियां ढूंढकर पोस्टमार्टम कर दिया, मगर असली बवाल तब हुआ, जब बॉलीवुड के दो दिग्गज अमिताभ बच्चन और शाह रुख खान ने टीजर सोशल मीडिया में शेयर किया।
ट्रोल्स के निशाने पर अमिताभ और शाह रुख
इन दोनों कलाकारों के टीजर साझा करते ही सबसे ज्यादा चोट धुरंधर फिल्मों के फैंस को लगी, जिन्होंने सवाल उठाना शुरू कर दिया कि शाह रुख और अमिताभ ने धुरंधर के लिए एक भी पोस्ट नहीं लिखी, मगर आलिया की फिल्म का टीजर आते ही साझा कर दिया।
इस मुद्दे पर दोनों कलाकारों की ट्रोलिंग शुरू हो गई और इसी क्रम में ऐल्फा के टीजर का पोस्टमार्टम होने लगा। बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को पक्षपाती कहा जाने लगा और देखते ही देखते एक्स पर इनके खिलाफ पोस्टों की बाढ़ आ गई, जिनमें शाह रुख की फिल्मों को भी निशाना बनाया जाने लगा।
देखिए ऐसी कुछ पोस्ट:
यह भी पढ़ें: Alpha Teaser: आलिया भट्ट को बॉबी देओल ने बनाया किलिंग मशीन, यशराज की बहुप्रतीक्षित स्पाइ फिल्म का टीजर हुआ रिलीज


इन सारी पोस्ट्स में शाह रुख के खिलाफ गुस्सा साफ देखा जा सकता है। नोट करने वाली बात यह भी है कि शाह रुख को कोसने वाले ज्यादातर एक्स हैंडल एक खास विचारधारा के पोषक हैं और अक्सर ट्रोलिंग में लिप्त रहते हैं।
क्या हैं अमिताभ-शाह रुख की पोस्ट?
बुधवार को ऐल्फा का टीजर आने के बाद इसे अमिताभ और शाह रुख ने शेयर करके आलिया और टीम को शुभकामनाएं दीं। अमिताभ ने टीजर शेयर करके लिखा था- प्यारी आलिया को बहुत प्यार और शुभकामनाएं।
शाह रुख ने एक नोट लिखकर टीम को शुभकामना दी- बहुत खूब आलिया। सालों तक दिल तोड़ने के बाद अब तुम हड्डियां तोड़ रही हो। तुम्हारे स्किल्स बढ़ रहे हैं। मेरी दुआ है कि ऐल्फ दिल जीते और सीक्वल के लिए कुछ विलेन भी छोड़े। उन्हें छोड़ना मत सिग्मा गर्ल। लॉर्ड बॉबी… जब तुम बुरे बनते हो तो क्या बढ़िया लगते हो। बहुत प्यार। शिव और उसकी टीम को बधाई।
बता दें, स्पाइ यूनिवर्स की फिल्म ऐल्फा का निर्देशन शिव रवैल ने किया है, जिन्होंने द रेलवे मेन सीरीज बनाई थी। इस फिल्म में शरवरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम रोल में हैं। फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
धुरंधर फिल्मों पर लगे थे प्रोपेगेंडा के आरोप
धुरंधर और धुरंधर 2 का निर्देशन आदित्य धर ने किया था। धुरंधर पिछले साल दिसम्बर में रिलीज हुई थी, जबकि धुरंधर 2 इसी साल मार्च में आई थी। दोनों ही फिल्में भारतीय सिनेमा की ऑल टाइम हाइएस्ट ग्रॉसर हैं और समीक्षकों ने भी इसके क्राफ्ट की खूब तारीफ की थी।
दोनों फिल्मों के बारे में सोशल मीडिया में खूब लिखा गया और कई दिनों तक चर्चा में रहीं। हालांकि, फिल्मों को ट्रोलिंग का भी खूब सामना करना पड़ा। कई लोगों ने कंटेंट के कारण इन्हें प्रोपेगेंडा फिल्म कहा। उनका दावा था कि मोदी सरकार के प्रमोशन के लिए फिल्में बनाई गई हैं।
धुरंधर 2 में तमाम ऐसे पहलू दिखाये गये, जो राजनीति से प्रेरित थे, जिन पर जमकर आलोचना की गई। खासकर, नोटबंदी की घटना को जिस तरह से जस्टिफाई किया गया, उस पर आदित्य धर की जमकर ट्रोलिंग हुई थी। मगर, तमाम आलोचनाओं के बावजूद धुरंधर 2 ने 1100 करोड़ से ज्यादा बिजनेस किया।
Opinion: ट्रोलिंग कितनी सही-कितनी गलत?
किस फिल्म का ट्रेलर या टीजर शेयर करना है या नहीं करना है, यह पूरी तरह निजी फैसला है। इंडस्ट्री में कई बार यह फैसला आपसी संबंधों और रिश्तों के मद्देनजर एक-दूसरे को प्रमोट करने के लिए लिया जाता है।
जहां तक ऐल्फा के टीजर की बात है तो निर्माता आदित्य चोपड़ा से शाह रुख खान के संबंध छिपे नहीं हैं। दोनों के बीच कारोबारी और निजी रिश्ते कई साल पुराने हैं। फिल्म की हीरोइन आलिया भट्ट डियर जिंदगी में शाह रुख की को-स्टार रही हैं।
वहीं, बॉबी देओल ने रेड चिलीज की फिल्मों और सीरीज में काम किया है। शाह रुख के बेटे आर्यन खान की डेब्यू सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में बॉबी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। ऐल्फा स्पाइ यूनिवर्स की फिल्म और शाह रुख यशराज के स्पाइ यूनिवर्स का हिस्सा हैं। ऐसे में ऐल्फा का टीजर शेयर करना कोई बड़ी बात नहीं है। हो सकता है कि फिल्म में पठान के किरदार में उनका कैमियो भी हो।
रही बात अमिताभ बच्चन की तो यशराज फिल्म्स और आलिया भट्ट के साथ उनके रिश्ते भी काफी पुराने हैं। अमिताभ ने यश चोपड़ा के साथ काई आइकॉनिक फिल्में दी हैं। वहीं, आलिया के साथ उन्होंने ब्रह्मास्त्र फिल्म में स्क्रीन स्पेस शेयर किया है।
ऐसे में निजी और व्यावसायिक संबंधों के चलते भी कलाकार एक-दूसरे की फिल्मों के बारे में लिखते हैं। जैसे- अक्षय कुमार और अजय देवगन, अक्सर एक-दूसरे की फिल्मों को सोशल मीडिया में प्रमोट करते हैं। शाह रुख खान, एक खास विचारधारा से जुड़े यूजर्स के अक्सर निशाने पर आते हैं। अब ऐल्फा का टीजर शेयर करके उन्होंने ट्रोल्स को फिर मौका दे दिया है।

