Lock Upp Season 2: लॉक अप में अब मचेगी खलबली! Bigg Boss विनर को मिली वाइल्ड कार्ड एंट्री, हफ्ते में 6 दिन आएगा शो

Lock Upp Season 2 wild card entry. Photo- X

मुंबई। Lock Upp Season 2: नेटफ्लिक्स के सेलिब्रिटी रिएलिटी शो लॉक अप सीजन 2 ने आते ही अपना रंग जमा लिया है। शो के छह एपिसोड्स आ चुके हैं और दर्शक इसमें बिग बॉस की झलक देखने लगे हैं। लॉक अप का कॉन्सेप्ट थोड़ा अलग है, मगर गेम के अंदर टास्क और इनमेट्स के बीच आपसी समीकरणों को देखकर बिग बॉस की याद आती है।

शो जैसे-जैसे पेस पकड़ रहा है, मेकर्स इसे और भी दिलचस्प बनाने के लिए नये-नये दांव खेल रहे हैं। शनिवार के एपिसोड में वाइल्ड कार्ड एंट्री का संकेत दिया गया था और रविवार को नेटफ्लिक्स ने इस वाइल्ड कार्ड चेहरे से पर्दा उठा दिया है।

शिल्पा शिंदे पहली वाइल्ड कार्ड एंट्री

लॉक अप के दूसरे सीजन की पहली वाइल्ड कार्ड एंट्री बनी हैं ओजी शिल्पा शिंदे, जो टीवी की दुनिया का बेहद चर्चित और विवादित नाम हैं। टीवी की ओरिजिनल भाभी जी और सही पकड़े हैं की सूत्रधार शिल्पा के इस शो में आने से खलबली मचना तय है, क्योंकि शिल्पा बिग बॉस जैसे बड़े शो की विनर रह चुकी हैं।

नेटफ्लिक्स ने शिल्पा की एंट्री की पुष्टि करते हुए लिखा- सही पकड़े हैं। अब गेम पलटने वाला है।

यह भी पढ़ें: OTT Web Series in July 2026: ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ से होगा राजकुमार हिरानी और बेटे का ओटीटी डेब्यू, देखें जुलाई के शोज पूरी लिस्ट

बता दें, शिल्पा शिंदे ने बिग बॉस 11 में हिस्सा लिया था और वो शो की सबसे विवादित और चर्चित सदस्य रही थीं। अपनी किचन स्ट्रेटजी और ड्रामा के दम पर शिल्पा ने 11वें सीजन के विनर का खिताब अपने नाम किया था।

श्रेष्ठा अय्यर हुईं लॉक आउट

शनिवार को लॉक अप के छठे एपिसोड में कंगना रनौत आईं और घरवालों को बाहर की तस्वीर दिखाई। कंगना ने श्रेया कालरा को सेव किया। अंतिम तीन में श्रेष्ठा अय्यर आउट हो गई थीं, जबकि आकांक्षा चमोला और माधुरी जैन ग्रोवर सेव हो गईं।

श्रेष्ठा क्रिकेटर श्रेयस अय्यर की बहन हैं और शो में उन पर एन्टाइटल्ड ब्रैट होने का आरोप लगा था। श्रेष्ठा को यह इल्जाम हटाकर अपनी पहचान बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी।

बहरहाल, लॉक के दूसरे सीजन की शुरुआत औसत रही थी, मगर पहले हफ्ते में शो अपने असली रंग में आ गया और काफी हद तक बिग बॉस की राह पकड़ चुका है। बिग बॉस में घरवालों की तरह यहां इनमेट्स आपसी झगड़ों और साजिशों में उलझे रहते हैं। दोस्त बनते हैं, बिगड़ते हैं और गेम के लिए अपने असली रंग भी दिखाते हैं। प्यार, वफा, बेवफाई, छल कपट लॉकअप में सारे रंग देखने को मिल रहे हैं।

लॉक अप की निर्माता एकता कपूर हैं और शो को रितेश देशमुख के साथ फराह खान होस्ट करती हैं। 27 जून को शो की शुरुआत 15 इनमेट्स- सुनीता आहूजा, हर्षद चोपड़ा, धीरज धूपर, आकांक्षा चमोला, माधुरी जैन ग्रोवर, श्रेया कालरा, आकांक्षा चौधरी, पामेला सरेना, राम कपूर, रियाज अली, शिवांगी जोश, सूफी मोतीवाला, वरुण यादव, योगेश रावत और श्रेष्ठा अय्यर के साथ हुई थी।

हफ्ते में छह दिन आएगा शो

शो की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए मेकर्स ने प्रसारण के दिन बढ़ा दिये हैं। पहले शो के एपिसोड्स शनिवार से बुधवार तक (5 दिन) प्रसारित होते थे, अब गुरुवार तक यानी हफ्ते में छह दिन आएंगे।