ट्रोलिंग के बीच ‘ऐल्फा’ के टीजर ने पार किया 75 मिलियन व्यूज का पड़ाव, नये पोस्टर्स पर नजर आई पूरी स्टार कास्ट

Alpha teaser crosses 75 million views. Photo- X

मुंबई। Alpha Teaser Views: यशराज फिल्म्स की स्पाइ फिल्म ऐल्फा के टीजर को सोशल मीडिया में जबरदस्त ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर से तुलना करते हुए यूजर्स ने स्पाइ बनी आलिया का जमकर मजाक उड़ाया। टीजर में तमाम तरह की गलतियां निकालीं।

शाह रुख खान और अमिताभ बच्चन को भी नहीं बख्शा, जिन्होंने ऐल्फा के टीजर को सोशल मीडिया में शेयर करके आलिया को शुभकामनाएं दीं, मगर तमाम आलोचनाओं के बीच ऐल्फा के टीजर ने रिलीज के 24 घंटों में सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 75 मिलियन व्यूज का पड़ाव पार कर लिया, जिसमें से 29 मिलियन सिर्फ यू-ट्यूब से आये हैं।

यह भी पढ़ें: शाह रुख खान-अमिताभ बच्चन ने शेयर किया Alpha का टीजर तो बुरा मान गये ‘धुरंधर’ फैंस, आलिया भट्ट की फिल्म पर निकाला गुस्सा!

इतना तो तय है कि ऐल्फा के टीजर से लोग भले ही प्यार करें या नफरत, मगर देख जरूर रहे हैं।

टीजर में बॉबी और आलिया के किरदारों का परिचय

शिव रवैल निर्देशित फिल्म का टीजर बुधवार को रिलीज किया गया था, जिसमें बॉबी देओल और आलिया भट्ट के किरदारों को इंट्रोड्यूस करवाया गया था। टीजर के मुताबिक, बॉबी आलिया के पिता बने हैं, जो उन्हें स्पेशल मिशन अंजाम देने के लिए बचपन से ट्रेन कर रहा है।

18वीं सालगिरह पर पिता आलिया के किरदार सीता को पहले मिशन पर भेजता है। फिल्म में अनिल कपूर और शरवरी भी मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा हैं। हालांकि, टीजर में इन दोनों को कोई जगह नहीं दी गई। सम्भवत: आगे आने वाली टीजर्स में अन्य किरदारों से परिचय करवाया जाएगा।

नये पोस्टर पर नजर आया ऐल्फा गैंग

हालांकि, उससे पहले गुरुवार को मेकर्स ने ऐल्फा के नये पोस्टर्स जारी किये हैं, जिनमें आलिया और बॉबी के साथ अनिल और शरवरी को भी जगह दी गई है और इसे नाम दिया- ऐल्फा गैंग। अनिल कपूर स्पाइ यूनिवर्स से वॉर 2 फिल्म के जरिए जुड़ चुके हैं, जबकि आलिया, बॉबी और शरवरी अब इस यूनिवर्स का हिस्सा बने हैं।

यशराज के स्पाइ यूनिवर्स में सलमान खान, शाह रुख खान और ऋतिक रोशन शामिल हैं। सलमान टाइगर, शाह रुख पठान और ऋतिक मेजर कबीर धालीवाल के रूप में नजर आते हैं। स्पाइ यूनिवर्स की आलिया पहली इंडियन फीमेल स्पाइ हैं।

ऐल्फा 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और तब तक सोशल मीडिया में इसकी स्क्रूटनी भी चलती रहेगी। हालांकि, जानकारों का मानना है कि टीजर की इतनी ट्रोलिंग होने के बाद मेकर्स को ट्रेलर से ऐसा धमाका करना होगा कि आलोचकों के मुंह बंद हो जाएं।

यशराज के स्पाइ यूनिवर्स की फिल्म ऐल्फा के प्रमोशन के लिए यशराज ने खास तैयारी की है और इस फिल्म को लेकर सीधे महिला दर्शकों के बीच जाएंगे।