Movies in Cinemas This Friday: देश को झकझोरने वाली घटनाओं की कहानियां, इस शुक्रवार सिनेमाघरों में ‘दोहराया’ जाएगा इतिहास

Movies releasing in cinemas this Friday. Photo- X

मुंबई। Movies in Cinemas This Friday: ऐसा संयोग कम ही बनता है। इस शुक्रवार सिनेमाघरों में जो तीन हिंदी फिल्में रिलीज हो रही हैं, वो सभी देश के इतिहास से जुड़ी हैं और इनमें अपने-अपने दौर की बड़ी घटनाओं से जुड़ी कहानियां कही गई हैं। इम्तियाज अली की मैं वापस आऊंगा विभाजन के दर्द को दिखाती है तो मनोज बाजपेयी की गवर्नर 90 के दौर में देश पर आये आर्थिक संकट से जूझने की कहानी है।

कंगना रनौत की भारत भाग्य विधाता 2008 में मुंबई पर हुए आतंकी हमलों के दौरान नर्सों के जज्बे और हिम्मत को पर्दे पर दिखाती है। तीनों ही फिल्में अलग हैं, मगर इतिहास तीनों को जोड़ता है। गवर्नर और भारत भाग्य विधाता सच्ची घटनाओं से प्रेरित हैं, जबकि मैं वापस आऊंगा सच्ची घटना पर बनी काल्पनिक कहानी है। इन फिल्मों के अलावा हॉलीवुड की कुछ दिलचस्प फिल्में सिनेमाघरों में उतरेंगी। पढ़िए, पूरी लिस्ट।

मैं वापस आऊंगा (Main Vaapas Aaunga)

सेंसरशिप: UA16+
जॉनर: रोमांस, ड्रामा
निर्देशक: इम्तियाज अली
मुख्य कलाकार: दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना, शरवरी आदि।

1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी प्रेम, विरह और यादों की मार्मिक कहानी। एक बुजुर्ग अपने पोते को बचपन के प्यार की कहानी सुनाते हैं- सरहदों के खिंचने, जिंदगियों के उजड़ने और समय के साथ भी बनी रहने वाली भावनाओं की दास्तां। फिल्म दिखाती है कि प्यार समय, पीढ़ियों और सब कुछ बदल जाने के बाद भी कैसे उम्मीद जगाता रहता है।

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas in June 2026: क्या ब्लॉकबस्टर रहेगा ‘फर्स्ट हाफ’ का क्लाइमैक्स? जून में रिलीज हो रहीं ये 12 फिल्में

द साइलेंट सेवियर गवर्नर (The Silent Saviour Governor)

सेंसरशिप: UA13+
जॉनर: ड्रामा
निर्देशक: चिन्मय मंडलेकर
मुख्य कलाकार: मनोज बाजपेयी, अदा शर्मा, नौशाद मोहम्मद कुंजू, मधु शाह, कृषा कुरुप, परितोष आदि।

1990 के दशक के आर्थिक संकट के दौर में देश कंगाली की कगार पर खड़ा था। बढ़ते कर्ज, घटते भंडार और राजनीतिक दबावों के बीच आरबीआई के नए गवर्नर ए. रामनन को देश को तबाही से बचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। हर तरफ से विरोध और समय के साथ बढ़ते दांव के बीच यह फिल्म एक नेता की दृढ़ता, संकल्प और साहस की प्रेरणादायक कहानी है।

यह भी पढ़ें: Governor Movie Ticket Price: 1990 की कीमत में देखिए मनोज बाजपेयी की फिल्म गवर्नर! मेकर्स ने निकाला प्रमोशन का अनोखा तरीका

भारत भाग्य विधाता (Bharat Bhhagya Viddhaata)

सेंसरशिप: UA16+
जॉनर: थ्रिलर
निर्देशक: मनोज तपाड़िया
मुख्य कलाकार: कंगना रनौत, गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, ईशा डे, प्रसाद ओक, सुहिता ठाटे, रसिका अगाशे आदि।

26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल की अंदरूनी कहानी। जब पूरे शहर में आतंक फैल गया था, तब अस्पताल के अंदर नर्सें, वार्ड ब्वॉय और सिक्योरिटी स्टाफ सैकड़ों जिंदगियों की रक्षा के लिए एकजुट हो गए। हिंसा से हिली दुनिया में यह फिल्म उन आम लोगों की शांत वीरता की कहानी है, जिन्होंने कर्तव्य और करुणा को सबसे बड़ा हथियार बनाया।

डिस्क्लोजर डे (Disclosure Day)

भाषा: अंग्रेजी
जॉनर: थ्रिलर, साइंस-फिक्शन
निर्देशक: स्टीवन स्पीलबर्ग
मुख्य कलाकार: एमिली ब्लंट, जोश ओ’कॉनर, कॉलिन फर्थ, ईव हेवसन, कोलमैन डोमिंगो, व्याट रसेल आदि।

एक ऐसी दुनिया, जिसमें इंसानियत को एक सच्चाई का सामना करना पड़ता है और जिसके लिए वह कभी तैयार नहीं थी। जब यह साफ सबूत सामने आता है कि हम ब्रह्मांड में अकेले नहीं हैं तो अविश्वास जल्दी ही डर, जिज्ञासा और अनिश्चितता में बदल जाता है। सरकारें जवाब तलाश रही हैं, समाज बिखरने की कगार पर है। विश्वास टूट रहा है और आश्चर्य तथा घबराहट के बीच की रेखा बेहद पतली हो गई है। फिल्म इस बात की ताकतवर कहानी कहती है कि आखिरी अज्ञात का सामना करने पर इंसानियत कैसी प्रतिक्रिया देती है और क्या हम सच में सच्चाई के लिए तैयार हैं?

बैकरूम्स (Backrooms)

भाषा: अंग्रेजी
सेंसरशिप: A
जॉनर: हॉरर, साइंस-फिक्शन
निर्देशक: केन पार्सन्स

एक थेरेपिस्ट की दुनिया तब तहस-नहस हो जाती है, जब उसका एक मरीज एक भयावह, वास्तविकता से परे आयाम में गायब हो जाता है। अपराधबोध और बेचैनी में वह खुद उस अज्ञात दुनिया में कदम रखती है, जहां अस्तित्व के नियम ही नहीं चलते। होशो-हवास और जिंदा रहने की इच्छा की परीक्षा लेती यह फिल्म डर और रहस्य से भरी है।