मुंबई। The Bengal Files in West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधान सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने भारी बहुमत से चुनावी जंग जीत ली है और तृणमूल कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। 4 मई को हुई मतगणना में भाजपा को 206, जबकि टीएमसी को 81 सीटें ही मिल सकीं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अपनी भवानीपुर विधान सभा सीट नहीं बचा सकीं।
चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद फिल्म डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने बड़ा खुलासा किया है। उनका दावा है कि बंगाल में चुनावों के दौरान उन्होंने अपनी फिल्म द बंगाल फाइल्स लोगों को चोरी-छिपे दिखाई, जिसने मतदाताओं के रुख को बदलने में अहम भूमिका निभाई और ममता चुनाव हारीं।
विवेक ने एक्स पर किया बड़ा दावा
मंगलवार को विवेक ने एक्स पर एक नोट लिखकर और वीडियो साझा करके यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा- दोबारा कभी नहीं। उनके लिए जो नहीं जानते, द कश्मीर फाइल्स की रिलीज के बाद ममता बनर्जी ने मुझे बंगला में खारिज कर दिया।
फिल्म सिनेमाघरों से उतार दी गई और उन्होंने कहा कि मुझे बंगाल में घुसने नहीं दिया जाएगा। पिछले साल उन्होंने द बंगाल फाइल्स को पूरी तरह पश्चिम बंगाल में बैन कर दिया था। हमारा ट्रेलर रोक दिया गया। हम पर हमला किया गया। मेरे खिलाफ दर्जनों पुलिस रिपोर्ट दर्ज की गईं। मुझे बंगाल में खारिज कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: West Bengal Assembly Election 2026: आसमान पर भाजपा के सभी ‘फिल्मी सितारे’, जमीन पर गिरे टीएमसी के तारे
बंगाल के चुनावों में दिखाई गई द बंगाल फाइल्स
विवेक आगे लिखते हैं- मैं राज्यपाल से अपना पुरस्कार लेने नहीं जा सका। लेकिन, हमने हथियार नहीं डाले। चुनाव के दौरान, हमने यह सुनिश्चित किया कि पूरे बंगाल में द बंगाल फाइल्स ज्यादा से ज्यादा लोगों को दिखाई (गुपचुप ढंग से) जाए।
मुझे खुशी है कि हम पीछे नहीं हटे और अपनी क्षमता के मुताबिक लड़ते रहे। और आखिरकार, यह अप्रत्याशित जीत। बंगाल के महान लोगों को बधाई। अब आप बिना किसी भय के अपना सिर ऊंचा करके घूम सकते हो।
बता दें, द बंगाल फाइल्स 1946 में कोलकाता में हुए डायरेक्ट एक्शन डे की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें साम्प्रदायिक हिंसा में हजारों जानें गई थीं। फिल्म पिछले साल 5 सितम्बर को रिलीज हुई थी और तमाम लोगों ने इस पर प्रोपेगेंडा फिल्म होने का आरोप लगाया था, जो बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई है।
फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, नमाशी चक्रवर्ती, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी, सिमरत कौर, अनुपम खेर, शाश्वत चटर्जी और पुनीत इस्सर ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं।

