मुंबई। Kya Kamaal Hai Song Out: इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा का पहला गाना क्या कमाल है शनिवार को रिलीज कर दिया गया। दिलजीत दोसांझ की आवाज को ए. आर. रहमान ने सुरों में पिरोया है, जबकि गाने के बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं। इस गाने के लिए पहली बार रहमान और दिलजीत साथ आये हैं। गाना मुश्किल वक्त में भी उम्मीद की किरण दिखाता है।
‘सॉन्ग ऑफ होप’ है ‘क्या कमाल है’ गीत
इम्तियाज अली की फिल्मों में संगीत हमेशा कहानी का अहम हिस्सा रहा है और इस बार भी उन्होंने उसी परंपरा को आगे बढ़ाया है। ‘क्या कमाल है’ एक सॉन्ग ऑफ होप के रूप में सामने आता है, जो विभाजन काल (Partition Era) के दौर में भी जिंदा रही मोहब्बत की कहानियों से प्रेरित है।
आज के शोर-शराबे और अस्थिरता भरे माहौल में यह गीत हमें याद दिलाता है कि दुनिया में अभी भी प्यार, सुकून और अपनापन बाकी है।
इम्तियाज अली का कहना है कि आज के समय में जब दुनिया कई तरह के संकटों से गुजर रही है, यह गीत लोगों को सकारात्मकता और उम्मीद देने की कोशिश करता है। वहीं दिलजीत दोसांझ ने इस गाने को अपने दिल के बेहद करीब बताया। उनके मुताबिक, यह गीत आपको ठहरकर महसूस करने का मौका देता है बिना किसी बनावट के, पूरी ईमानदारी के साथ।
यह भी पढ़ें: Fresh Pairs in Upcoming Movies: बड़े पर्दे पर ताजगी की बहार, पहली बार स्क्रीन पर नजर आएंगी ये 17 फ्रेश जोड़ियां
एआर रहमान ने भी इस सहयोग को एक निरंतर रचनात्मक संवाद बताया। उन्होंने कहा कि इस फिल्म की थीम जुदाई और विस्थापन को ध्यान में रखते हुए ऐसा संगीत रचा गया है, जो शांति और सुकून का एहसास कराए। उनके अनुसार, ‘क्या कमाल है’ उस खूबसूरती को दर्शाता है, जिसे हम अक्सर दुनिया के शोर में नजरअंदाज कर देते हैं।
गीतकार इरशाद कामिल ने इस गाने को एक सपना बताया है। ऐसा सपना जिसमें ना दर्द है, ना डर। उनके शब्दों में, यह एक ऐसी दुनिया की कल्पना करता है, जहां सिर्फ प्यार, शांति और उम्मीद हो।

कुमार तौरानी ने कहा, “हम Tips Music में मानते हैं कि संगीत भारतीय सिनेमा की धड़कन है। दिलजीत दोसांझ और एआर रहमान का यह पहला ओरिजिनल कोलेबोरेशन, वह भी इम्तियाज अली की कहानी के साथ, ‘क्या कमाल है’ को बेहद खास बनाता है।
12 जून को रिलीज होगी ‘मैं वापस आऊंगा’
‘Main Vaapas Aaunga’ में दिलजीत दोसांझ के साथ नसीरुद्दीन शाह, शरवरी वाघ और वेदांग रैना अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म Applause Entertainment और Window Seat Films द्वारा निर्मित है, जबकि म्यूजिक Tips Industries के तहत रिलीज किया गया है। फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

