मुंबई। Dhamaal 4 Box Office Day 3: इंद्र कुमार की धमाल फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म धमाल 4 ने ओपनिंग वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया। फिल्म ने डबल डिजिट ओपनिंग लेने के बाद शनिवार और रविवार को दोगुनी रफ्तार से कमाई की, जिसके चलते फिल्म इस साल के टॉप 5 ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस की लिस्ट में तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। अब इस लिस्ट से शाहिद की कॉकटल 2 बाहर हो गई है।
64 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड
बॉलीवुड हंगामा वेबसाइट के अनुसार, 10 जुलाई को रिलीज हुई फिल्म ने 13.72 करोड़ की ली थी। इसके बाद शनिवार को फिल्म के कलेक्शंस में उछाल आया और 22.48 करोड़ नेट जमा कर लिये। रविवार को फिल्म ने धमाल मचाते हुए 28.15 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जिसे मिलाकर इसका ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन 64.35 करोड़ नेट हो गया।
इस साल रिलीज हुई फिल्मों के टॉप 5 ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस की लिस्ट में धमाल 4 से आगे धुरंधर 2 और बॉर्डर 2 हैं। धमाल 4 के आ जाने से शाहिद कपूर की कॉकटेल 2 लिस्ट से बाहर हो गई है, जिसने 46.76 करोड़ नेट कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया था। 2026 के टॉप 5 ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस इस प्रकार है-
- धुरंधर 2- 503 करोड़
- बॉर्डर- 129.89 करोड़
- धमाल 4- 64.35 करोड़
- वेलकम टू द जंगल- 63.47 करोड़
- भूत बंगला- 54.50 करोड़
गौरतलब है कि भूत बंगला को छोड़कर टॉप 5 ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस की लिस्ट में सभी फिल्में सीक्वल और फ्रेंचाइजी हैं। धुरंधर 2 प्रॉपर सीक्वल फिल्म है, जबकि बाकी तीन फ्रेंचाइजी फिल्में हैं। इस लिस्ट में अक्षय कुमार की दो फिल्में आ गई हैं।
दो सालों में अजय की पांचवीं फ्रेंचाइजी फिल्म
कॉमेडी ड्रामा धमाल 4, इस साल अजय की पहली रिलीज फिल्म है। पिछले कुछ सालों से लीड रोल में अजय की सीक्वल फिल्में ही आ रही हैं। 2024 की सिंघम अगेन के बाद अजय की रेड 2, सन ऑफ सरदार 2, दे दे प्यार दे 2 और धमाल 4 आ चुकी हैं। धमाल 4 में अजय के साथ अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रितेश देशमुख, रवि किशन, संजय मिश्रा, उपेंद्र लिमये प्रमुख किरदारों में हैं।

