NTR Neel Film Release Date: आ गई मोस्ट अवेटेड फिल्म की रिलीज डेट, जूनियर एनटीआर ने किया एलान

NTR Neel Film release date announced. Photo- X

मुंबई। NTR Neel Film Release Date: तेलुगु सिनेमा में जिन फिल्मों का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, उनमें जूनियर एनटीआर और निर्देशक प्रशांत नील की अनटाइटल्ड फिल्म भी है। खबरों में इसे ड्रैगन कहा जा रहा है, मगर अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

दर्शकों को यह जानकर खुशी होगी कि अब इस मोस्ट अवेटेड फिल्म की रिलीज डेट पक्की हो गई है। फिल्म अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज होगी। जूनियर एनटीआर ने रिलीज डेट की घोषणा की है।

2027 में रिलीज होगी फिल्म

मंगलवार को जूनियर एनटीआर ने सोशल मीडिया में पोस्ट लिखकर बताया कि फिल्म 11 जून 2027 को सिनेमाघरों में आएगी। इस फिल्म का निर्माण माइथ्री मूवी मेकर्स और टी-सीरीज कर रहे हैं। प्रशांत के साथ जूनियर एनटीआर की पहली फिल्म है।

यह भी पढ़ें: अल्लू अर्जुन की एटली निर्देशित फिल्म के टाइटल से उठा पर्दा, एक्टर ने जन्मदिन पर दिया फर्स्ट लुक का तोहफा

क्यों है दर्शकों को इस फिल्म का इंतजार?

प्रशांत नील कन्नड़ और तेलुगु सिनेमा के विख्यात निर्देशक हैं, जिनकी पिछली कन्नड़ फिल्म केजीएफ चैप्टर 2 ने दुनियाभर में कमाई के कीर्तिमान बनाये और इसके लीड एक्टर यश को पैन इंडिया स्टार बनाया।

इसके बाद प्रभास के साथ उनकी फिल्म सालार पार्ट-1 ने भी जबरदस्त कमाई की और अब इसके दूसरे भाग का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। ड्रैगन, प्रशांत और जूनियर एनटीआर की पहली फिल्म है। इस वजह से फैंस जबरदस्त उत्साहित हैं।

दर्शकों को इस बात का इंतजार है कि प्रशांत, उनके फेवरिट एक्टर को किस तरह बड़े पर्दे पर पेश करते हैं। फिल्म में अनिल कपूर और रुक्मिणी वसंत अहम किरदारों में नजर आएंगे।

वॉर 2 में नजर आए थे एनटीआर जूनियर

जूनियर एनटीआर की पिछली फिल्म वॉर 2 है, जिसमें उन्होंने ऋतिक रोशन के साथ पैरेलल लीड रोल निभाया था। अयान मुखर्जी निर्देशित फिल्म से जूनियर एनटीआर ने बॉलीवुड डेब्यू किया था। हालांकि, फिल्म को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा और बॉक्स ऑफिस पर हाइप के अनुपात में कारोबार नहीं कर सकी।

इससे पहले जूनियर एनटीआर की देवरा पार्ट-1 आई थी। इस फिल्म में उन्होंने डबल रोल निभाया था, जो पाइरेट वॉरियर का था। सैफ अली खान विलेन बने थे। जाह्नवी कपूर ने फीमेल लीड रोल निभाया था। यह फिल्म हिंदी में भी रिलीज की गई थी।