मुंबई। Bhooth Bangla: हिंदी सिनेमा ने पिछले एक साल में कई दिग्गजों को खोया है। मनोज कुमार, असरानी, धर्मेंद्र और हाल ही में आशा भोसले। हर किसी के जाने से करोड़ों दिल टूटे। यह कलाकार हिंदी सिनेमा को आकार देने वाले आधार स्तम्भ रहे हैं। हर एक ने अपने फन से सिनेमा में एक नया अध्याय जोड़ा है।
असरानी, कॉमेडी के बेताज बादशाह रहे। कई दशकों तक अपने अलग अंदाज और किरदारों से मनोरंजन करते रहे। पिछले साल अक्टूबर में हंसाने वाले असरानी फैंस को रोता हुए छोड़ गये। मगर, कहते हैं कि कलाकार भले ही ना रहे, उसकी कला युगों तक जिंदा रहती है।
भूत बंगला में असरानी की कॉमेडी
असरानी गुरुवार रात को रिलीज हो रही भूल बंगला में एक खास किरदार में नजर आएंगे। मृत्यु के बाद रिलीज होने वाली उनकी यह तीसरी फिल्म है। भूत बंगला के लीड एक्टर अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन के साथ असरानी का लम्बा एसोसिएशन रहा है।
यह भी पढ़ें: Asrani Death: नहीं रहे दिग्गज अभिनेता असरानी, दिवाली की खुशियों के बीच मनोरंजन जगत में छाया मातम
ऐसे में फिल्म की रिलीज से ठीक पहले अक्षय ने अपने सीनियर को-एक्टर के नाम भावुक पोस्ट लिखी। साथ में सेट की एक फोटो साझा की, जिसमें दोनों कलाकार रिहर्सल करते नजर आ रहे हैं।
कॉमेडी के उस्ताद थे असरानी
अक्षय ने लिखा- कभी कभी एक तस्वीर सिर्फ यादों का टुकड़ा नहीं होती। एक पूरी जर्नी को समेट लेती है। यह पिक्चर हमारी भूत बंगला के शूट से है। असरानी जी के साथ मेरी सेकंड लास्ट फिल्म। कुल 12 फिल्में हमने साथ कीं और हर एक में मैंने उनसे कुछ नया सीखा। हर बार यह किसी मास्टर क्लास की तरह थी।
कॉमेडी इतनी आसान लगती थी, जब वो करते थे, लेकिन असल में वो एक मुश्किल कला है। असरानी जी उसके उस्ताद थे और हमेशा रहेंगे। भूल बंगला कल रिलीज हो रही है। मेरे लिए यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, एक याद है। एक ट्रिब्यूट है। एक सैल्यूट है उस लीजेंड को। असरानी जी, आप हमेशा याद आएंगे।
बता दें, असरानी के साथ अक्षय कुमार की आखिरी फिल्म हैवान है, जिसका निर्देशन प्रियदर्शन ने ही किया है। इस फिल्म में सैफ अली खान भी हैं। हैवान इसी साल रिलीज होगी।
भूत बंगला हॉरर कॉमेडी फिल्म है, जो 16 अप्रैल की रात 9 बजे पेड प्रीव्यूज के साथ रिलीज हो रही है और शुक्रवार 17 अप्रैल को सभी सिनेमाघरों में लग जाएगी। फिल्म में वामिका गब्बी फीमेल लीड हैं। साथ में तब्बू, परेश रावल और राजपाल यादव भी हैं।

