Maa Vashno Devi AI Series: एआइ वीडियो क्रिएशन में T-Series की एंट्री, मां वैष्णो देवी की गाथा पर सीरीज लॉन्च

Maa Vaishno Devi Series. Photo- X

मुंबई। Maa Vashno Devi AI Series: एआइ के जरिए वीडियो क्रिएशन मौजूदा दौर के सबसे उभरते हुए क्षेत्रों में से एक है। देश की जानी-मानी म्यूजिक और फिल्म निर्माण कम्पनी टी-सीरीज ने अब एआइ की दुनिया में कदम रख दिया है और शुरुआत की है एआइ निर्मित भक्ति सीरीज को लॉन्च करके।

वैष्णो देवी पर सीरीज लॉन्च

इस सीरीज का नाम है मां वैष्णो देवी और उनकी अद्भुत गाथा, जो टी-सीरीज भक्ति सागर यू-ट्यूब चैनल पर स्ट्रीमिंग के लिए मौजूद है। इस सीरीज में मां वैष्णो देवी से जुड़ी कहानियों को एपिसोड्स में दिखाया गया है। सीरीज का निर्माण पूरी तरह टी-सीरीज की एआइ टीम ने किया है। कैजाद घेरडे ने अपने ओरिजिनल बैकग्राउंड स्कोर से सीरीज के अनुभव को समृद्ध बनाया है।

कामिल अहमद का साउंड डिजाइन है। डॉ. समिक बसु के नेतृत्व में टीम ने इस विषय पर रिसर्च की है। एआइ की मदद से वीडियो क्रिएशन में बॉलीवुड के कई प्रोडक्शन हाउस इस वक्त जुटे हुए हैं और धीरे-धीरे यह चलन जोर पकड़ रहा है।

यह भी पढ़ें: Ramayana 2025: रणबीर कपूर की फिल्म से पहले AI से बना दी रामायण पर सीरीज, ट्रेलर देख रह जाएंगे दंग

बॉलीवुड में बढ़ा एआइ का चलन

हाल ही में अजय देवगन ने एआइ निर्मित फिल्म हैप्पी बर्थडे जोशी रिलीज की है। 15 मिनट अवधि की यह फिल्म अंशुल कुमार शर्मा ने निर्देशित की है, जब सह-निर्माता अजय देवगन के भांजे दानिश देवगन हैं। वत्सल सेठ इस फिल्म के क्रिएटिव डायरेक्टर हैं। स्क्रीनप्ले वत्सल सेठ और अंशुल ने लिखा है। यह फिल्म लेंस वॉल्ट स्टूडियोज के यू-ट्यूब चैनल पर मौजूद है।

अजय बाल तान्हाजी नाम के एआइ निर्मित प्रोजेक्ट की घोषणा पहल ही कर चुके हैं। हालांकि, यह फिल्म होगी या सीरीज इसका अभी खुलासा नहीं किया है। जिओ स्टूडियोज ने एआइ से निर्मित महाभारत सीरीज जिओ हॉटस्टार पर लॉन्च की थी, जिसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली।

कुछ यू-ट्यूब चैनल पहले से ही एआइ से एपिसोडिक सीरीज और फिल्में बना रहे हैं। Cinefai नाम के यू-ट्यूब चैनल ने एआइ से निर्मित रामायण सीरीज की घोषणा की थी, जिसका टीजर वायरल हुआ था। इसके अलावा फिल्मों में भी एआइ के प्रयोग बढ़ रहा है।