मुंबई। The Devil Wears Prada 2 World Premiere: हॉलीवुड की आइकॉनिक फिल्म दे डेविल वेयर्स प्राडा का सीक्वल पूरे 20 साल बाद रिलीज हो रहा है और इसे खास बनाने की हर सम्भव कोशिश की जा रही है। फिल्म की मुख्य स्टार कास्ट मेरिल स्ट्रीप, एन हैथवे और एमिली ब्लंट फिल्म के प्रमोशंस के दुनिया के अलग-अलग मुल्कों में टूर कर रहे हैं।
भारत में भी फिल्म के प्रचार के लिए टीम जुटी हुई है। हाल ही में फिल्ममेकर करण जौहर ने मेरिल स्ट्रीप और एन हैथवे का इंटरव्यू किया। अब फिल्म के वर्ल्ड प्रीमियर की तैयारी की जा रही है, जिसकी लाइव स्ट्रीमिंग ओटीटी ऐप जिओ हॉटस्टार पर की जाएगी।
कब और कितने बजे होगा प्रीमियर?
द डेविल वेयर्स प्राडा 2 का वर्ल्ड प्रीमियर 20 अप्रैल (सोमवार) को न्यूयॉर्क सिटी के लिंकन सेंटर में रखा गया है, जिसमें हॉलीवुड इंडस्ट्री के कई दिग्गज सितारे शामिल होंगे। जिओ हॉटस्टार पर प्रीमियर का प्रसारण भारतीय समयानुसार सोमवार रात 3 बजे से शुरू होगा। इसे इवेंट को बाद में भी जिओ हॉटस्टार पर देखा जा सकेगा।
द डेविल वेयर्स प्राडा 2 सम्भवत: पहली हॉलीवुड फिल्म है, जिसका प्रीमियर ओटीटी ऐप पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। आम तौर पर अवॉर्ड समारोह या अन्य बड़ी इवेंट्स को लाइव स्ट्रीम के जरिए दिखाने का चलन रहा है।
निश्चित रूप से सिनेमा के फैंस के लिए लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए जुड़ना उन्हें फिल्म के करीब लेकर आएगा। दर्शक सेलिब्रिटी रेड कार्पेट और इंटरव्यूज का हिस्सा बन सकेंगे। जिओ हॉटस्टार के सब्सक्राइबर्स को इवेंट के अंदर की झलक भी देखने को मिलेगी।
फिल्म की स्टार कास्ट रहेगी मौजूद
20th सेंचुरी फॉक्स निर्मित फिल्म के प्रीमियर में स्टार कास्ट मेरिल स्ट्रीप, एन हैथवे, एमिली ब्लंट, स्टैनली टुच्ची, केनेथ ब्रैनघ, सिमोन एशले, केलेब हीरोन, हेलेन जे शेन, निर्देशक डेविड फ्रैंकेल, स्क्रीनराइटर एनिल ब्रोश मैककेना और अन्य मौजूद रहेंगे। फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

