Raja Shivaji Hindi Trailer: हिंदवी राज्य के लिए शिवाजी महाराज के संघर्ष को दिखाती है रितेश देशमुख की फिल्म, देखें हिंदी ट्रेलर

Raja Shivaji trailer out. Photo- X

मुंबई। Raja Shivaji Hindi Trailer: छत्रपति शिवाजी की वीर गाथाओं से हिंदुस्तान का बच्चा-बच्चा वाकिफ है। विडम्बना देखिए, जिन शिवाजी महाराज ने राज्यों को एकजुट करके हिंदवी साम्राज्य का सपना देखा था और अपना जीवन इस कोशिश में झोंक दिया, उसी महाराष्ट्र के मौजूदा राजनेता बड़े गर्व से भाषा विवाद के जरिए समाज और देश को बांटने में जुटे हैं और इसके लिए नारा भी जय शिवाजी के नाम पर लगाते हैं।

राजनीति की इस नफरती हवा के बीच रितेश देशमुख शिवाजी महाराज के जीवन पर आधिरत फिल्म लेकर आये हैं-राजा शिवाजी, जिसका ट्रेलर सोमवार को रिलीज कर दिया गया। यह फिल्म एक मई को मराठी के साथ हिंदी और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।

सुल्तानों और सल्तनतों से लड़ते शिवाजी

शिवाजी महाराज के जन्म के समय दक्कन राज्यों की सत्ता बीजापुर, अहमदनगर और गोलकोंडा की रियासतों और मुगल साम्राज्य के हाथों में रहती थी। मां जीजाबाई की शिक्षा और प्रेरणा से शिवाजी ने हिंदू राज्य की परिकल्पना की और जीवनभर इसके लिए लड़ते रहे।

इस क्रम में शिवाजी महाराज कभी मुगल तो कभी आदिलशाही सल्तनतों से युद्ध करते रहे। शिवाजी के युद्ध कौशल की इतनी कहानियां मौजूद हैं, जिन्हें सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। ऐसी ही एक कहानी राजा शिवाजी फिल्म का अहम हिस्सा है। अफजल खान का वध। ट्रेलर में इसकी भी झलक दिखाई गई है।

यह भी पढ़ें: Love And War Release Date: इस दिन सिनेमाघरों में पहुंचेगी रणबीर-आलिया-विक्की की फिल्म, ऋषभ शेट्टी से होगी टक्कर!

खास बात यह है कि राजा शिवाजी का लेखन, निर्देशन निर्माण रितेश देशमुख ने किया है। जिओ स्टूडियो ने फिल्म को को-प्रोड्यूस किया है। फिल्म में कई बेहतरीन कलाकार अहम किरदारों में हैं।

दमदार है राजा शिवाजी का ट्रेलर

अभिषेक बच्चन शिवाजी के भाई सम्भाजी शाहजी भोसले के रोल में हैं। महेश मांजरेकर ने लखूजी जाधव का रोल निभाया है। संजय दत्त अफजल खान के किरदार में हैं। भाग्यश्री माता जीजाबाई का रोल निभा रही हैं। सचिन खेड़ेकर शाहजी भोसले के रोल में हैं। अमोल गुप्ते, विद्या बालन और फरदीन खान भी अहम किरदारों में हैं। रितेश की पत्नी जिनिलिया डिसूजा देशमुख शिवाजी महाराज की अर्धांग्नी के रोल में हैं।

ट्रेलर दिलचस्प है और शिवाजी महाराज के जीवन की घटनाओं और संघर्षों को दिखाने में सफल रहा है और फिल्म के लिए उत्सुकता जगाता है। अक्सर कॉमेडी फिल्में करने वाले रितेश को इतिहास पर बनी फिल्म में देखना दिलचस्प है। उससे ज्यादा अहम यह है कि उन्होंने फिल्म का निर्देशन किया है।