राजा शिवाजी में कैमियो के लिए सलमान खान और अभिषेक बच्चन ने ली कितनी फीस? रितेश देशमुख ने किया खुलासा

Riteish Deshmukh reveals fees of Salman Khan and Abhishek Bachchan. Photo- X

मुंबई। Raja Shivaji Star Cast Fees: रितेश विलासराव देशमुख की फिल्म राजा शिवाजी ने 1 मई को रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर जोरदार असर दिखाया है। छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे महान योद्धा को समर्पित यह फिल्म दर्शकों का दिल जीत रही है और चार दिनों में 43.20 नेट कलेक्शन मराठी और हिंदी भाषाओं में कर चुकी है।

इस बीच रितेश देशमुख ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है कि फिल्म के सभी कलाकारों ने इसमें बिना फीस के काम किया।

बड़े कलाकारों ने नहीं ली फीस

रितेश देशमुख ने कहा, “इस मराठी फिल्म को महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा स्क्रीन मिले हैं। हमने महाराज पर जितनी भी किताबें हैं, उन्हें पढ़ा है। उनका इतिहास इतना विशाल है कि उसे एक फिल्म में समेटना आसान नहीं है। हमारा काम था कि हम इस फिल्म को बिना किसी समझौते के पेश करें।

सलमान खान मेरे भाई हैं, उन्होंने मेरी दोनों फिल्मों में काम किया है। मैंने इस फिल्म की स्क्रिप्ट पर साढ़े तीन साल काम किया। इस फिल्म में सभी बड़े कलाकारों ने बिना फीस के काम किया है, सबने महाराज के लिए काम किया है।”

उन्होंने आगे कहा, “हमने इस फिल्म को हिंदी और मराठी दोनों भाषाओं में रिलीज किया है। गर्मियों की छुट्टियां शुरू हो रही हैं, ऐसे में यह पूरे परिवार और बच्चों के लिए एक अच्छा मौका है कि वे इस फिल्म के जरिए महाराज के बारे में जान सकें।”

यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas in May 2026: मई में बढ़ेगा सिनेमाघरों का तापमान, रिलीज हो रहीं इतनी बॉलीवुड, साउथ और हॉलीवुड फिल्में

शिवाजी महाराज के अंगरक्षक बने हैं सलमान

फिल्म में सलमान खान एक खास भूमिका में नजर आते हैं, जहां वे शिवाजी महाराज के अंगरक्षक जीवा महाले का किरदार निभा रहे हैं। अभिषेक बच्चन ने छत्रपति के बड़े भाई संभाजी शाहजी भोसले की भूमिका निभाई है, जबकि संजय दत्त अफजल खान के किरदार में दिखाई देते हैं।

राजा शिवाजी में हिंदी और मराठी सिनेमा के कई बड़े कलाकार एक साथ नजर आते हैं, जिनमें संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते और जिनिलिया देशमुख शामिल हैं। फिल्म में रितेश देशमुख ने मुख्य भूमिका निभाने के साथ-साथ पर्दे के पीछे निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभाली है।

जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले बनी इस फिल्म को ज्योति देशपांडे और जिनिलिया देशमुख ने प्रोड्यूस किया है। यह ऐतिहासिक फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और विरासत को भव्यता और भावनाओं के साथ दर्शाती है।