Top Gun Turns 40: सिनेमाघरों में एक हफ्ते के लिए लौटेगी टॉम क्रूज की आइकॉनिक फिल्म, जानें- फिल्म की खास बातें

Top Gun returns in cinema on 40th anniversary. Photo- X

मुंबई। Top Gun Turns 40: टॉम क्रूज की टॉप गन हॉलीवुड की आइकॉनिक फिल्मों में गिनी जाती है, जिसका हवाई एक्शन आने वाली कई फिल्मों के लिए प्रेरणा बना। आज भी इस फिल्म की बराबरी करना बेहद मुश्किल है।

टॉप गन इस साल 16 मई को रिलीज के 40 साल का जश्न मनाने वाली है। इस मौके पर निर्माता इस फिल्म को एक बार फिर सीमित अवधि के लिए सिनेमाघरों में रिलीज कर रहे हैं। साथ ही इसकी सीक्वल टॉप गन मेवरिक भी थिएटर्स में लौटेगी।

पैरामाउंट पिक्चर्स ने बताया कि दोनों फिल्में एक हफ्ते के लिए ही थिएटर्स में लगेंगी। भारत में फिल्में 15 मई 2026 को रिलीज होंगी।

हवाई एक्शन की आइकॉनिक फिल्म

टॉप गन एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी पायलट्स के खास ट्रेनिंग स्कूल के रंगरूटों के इर्द-गिर्द दिखाई गई है। सर्वश्रेष्ठ बनने की चाहत, प्रतिस्पर्धा, जज्बा और खुद को बेहतर बनाने की जिद इस फिल्म के किरदारों को खास बनाते हैं। टॉम ने फिल्म में पीट मेवरिक मिशेल का किरदार निभाया था।

फिल्म का निर्देशन टोनी स्कॉट किया था। फिल्म में टॉम क्रूज के साथ कैली मैकगिलिस, वॉल किल्मर (दिवंगत), एंथनी एडवर्ड्स और टॉम स्केरिट अहम भूमिकाओं में थे।

यह भी पढ़ें: Hollywood New Movie Trailers: हॉलीवुड से आ रहा फिल्मों का तूफान, एक ही जगह देखिए फर्स्ट लुक और ट्रेलर

कब-कब रिलीज रिलीज हुई फिल्म?

2013 में फिल्म आइमैक्स 3डी फॉरमेट में 6 दिनों के लिए दोबारा रिलीज की गई थी। इसके बाद 2021 में डॉल्बी सिनेमा में 153 स्क्रींस पर फिर उतारी गई। फिल्म ने 10 दिनों में 4 लाख डॉलर से अधिक कमाई की थी।

गाने को मिला ऑस्कर अवॉर्ड

टॉप गन बॉक्स ऑफिस के साथ अवॉर्ड समारोहों में भी अपना जलवा दिखाया। फिल्म के टेक माइ ब्रीद अवे गाने को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में ऑस्कर अवॉर्ड गिया गया। गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में फिल्म भी इस गाने को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में अवॉर्ड मिला था। पीपुल्स च्वाइस अवॉर्ड्स में यह फेवरिट मोशनल पिक्चर रही थी।

समाज पर फिल्म का असर

टॉप गन उन फिल्मों में से एक है, जिन्होंने मनोरंजन के साथ समाज और पीढ़ियों को सकारात्मक तौर पर प्रभावित किया। कहा जाता है कि फिल्म की रिलीज के बाद अमेरिका की नेवी में नेवल एविएटर बनने की ख्वाहिश करने वाले युवाओं की संख्या में 500 फीसदी बढ़ोत्तरी हुई थी। वहीं, वियतनाम वॉर के बाद खराब हुई अमेरिकी सेना की इमेज में भी सुधार आया।

टॉप गन ने जापान की मिसा मस्तुशिमा को देश की पहली महिला फाइटर पायलट बनने के लिए प्रेरित किया था।

2022 में आया सीक्वल

2022 में फिल्म का सीक्वल टॉप गन मेवरिक रिलीज हुआ, जिसने दुनिया भर में 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए थे। यह 2022 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी और पैरामाउंट की अब तक की सबसे बड़ी हिट फिल्म है।

सीक्वल की कहानी 30 साल बाद दिखाई गई थी। टॉम टेस्ट पायलट और फाइट इंस्ट्रक्टर के किरदार में लौटे। उनके साथ वॉल किल्मर की भी एडमिरल टॉम आइमैन केजेंस्की के किरदार में वापसी हुई। किल्मर की यह आखिरी स्क्रीन प्रेजेंस थी। 2025 में उनका निधन हो गया।