Yeh Prem Mol liya: सूरज का ‘पांचवां प्रेम’! आयुष्मान खुराना और शरवरी के साथ राजश्री ने की नई फिल्म की घोषणा

Ayushmann Khurrana plays lead in Sooraj Barjatya film. Photo- Instagram

मुंबई। Sooraj Barjatya’s Yeh Prem Mol liya: पारिवारिक और प्रेम कहानियों के लिए मशहूर सूरज बड़जात्या ने अपनी अगली फिल्म की घोषणा कर दी है। सूरज की फिल्मों की कहानियां भले ही बदलती रहीं, मगर मुख्य किरदार का नाम प्रेम रहा। सलमान खान, ऋतिक रोशन, शाहिद कपूर और सोनू सूद के बाद सूरज को उनका नया ‘प्रेम’ मिल गया।

फिल्म का टाइटल है ‘यह प्रेम मोल लिया’, जिसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी लीड रोल्स में हैं। फिल्म के टाइटल में ‘प्रेम’ है, इसलिए माना जा रहा है कि फिल्म में आयुष्मान के किरदार का नाम प्रेम हो सकता है।

27 नवम्बर को रिलीज होगी फिल्म

मंगलवार को सूरज बड़जात्या के प्रोडक्शन हाउस राजश्री फिल्म्स ने इस प्रोजेक्ट की रिलीज डेट की भी घोषणा की। राजश्री की परम्परा के अनुसार, यह फैमिली एंटरटेनर फिल्म होगी और 27 नवम्बर 2026 को सिनेमाघरों में आएगी। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Pati Patni Aur Woh Do Teaser: पति पत्नी और वो से आगे निकली कहानी, अब तीन महिलाओं में फंसे आयुष्मान खुराना

सूरज के पांचवें प्रेम हैं आयुष्मान खुराना

सूरज बड़जात्या की लव स्टोरीज में लीड एक्टर का सरनेम बदलता रहा, मगर पहला नाम हमेशा प्रेम रहा है। अपनी डेब्यू फिल्म मैंने प्यार किया से प्रेम रतन धन पायो तक सूरज इस परम्परा का पालन करते आ रहे हैं। मैंने प्यार किया में सलमान खान को प्रेम बनाया। इसके बाद हम आपके हैं कौन और हम साथ साथ हैं में सलमान के किरदार का नाम प्रेम रहा।

मैं प्रेम की दीवानी हूं में ऋतिक रोशन को प्रेम बनाया और फिर विवाह में शाहिद कपूर सूरज के प्रेम बने। एक विवाह ऐसा भी का निर्देशक कौशिक घटक ने किया, मगर सोनू के किरदार का नाम प्रेम रहा। इस फिल्म के लेखक सूरज खुद थे।

फिर 2015 में आई प्रेम रतन धन पायो, जिसमें एक बार फिर सलमान खान सूरज का प्रेम बनकर लौटे। 2022 में आई सूरज निर्देशित फिल्म एडवेंचर ड्रामा फिल्म थी, जिसमें किसी मुख्य किरदार का नाम प्रेम नहीं था, क्योंकि यह लव स्टोरी नहीं थी। प्रेम रतन धन पायो के लगभग 11 साल बाद सूरज यह प्रेम मोल लिया लेकर आ रहे हैं, जिसमें आयुष्मान खुराना प्रेम बने हैं। आयुष्मान सूरज के पांचवें प्रेम हैं।