Dil Waale Chor: ‘रूप दी रानी’ के बाद रिलीज हुआ ‘पति पत्नी और वो दो’ का दूसरा गाना, आयुष्मान-सारा के रोमांस पर ‘बनराकस’ की नजर

Dil Waale Chor song from Pati Patni Aur Woh Do Out. Photo- Screenshot

मुंबई। Pati Patni Aur Woh Do Songs: टी-सीरीज की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म पति पत्नी और वो दो मई में सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म में आयुष्मान खुराना सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत के साथ नजर आएंगे। फिल्म टीजर के बाद इसके गाने रिलीज किये जा रहे हैं।

दिल वाले चोर गाना हुआ रिलीज

शनिवार को फिल्म का दूसरा गाना दिल वाले चोर रिलीज किया गया, जो एक रोमांटिक नम्बर है। गाने का संगीत रोचक कोहली ने दिया है। आदित्य रिखारी और श्रेया घोषाल ने आवाजें दी हैं, जबकि कुमार ने गाने के बोल लिखे हैं। कोरियोग्राफी पीयूष-शाजिया की है।

दिल वाले चोर गाना आयुष्मान खुराना और सारा अली खान पर फिल्माया गया है। गाना जहां आयुष्मान और सारा के बीच रोमांटिक एंगल दिखाता है, वहीं कहानी को भी आगे बढ़ाता है। गाने में पंचायत में भूषण शर्मा यानी बनराकस का किरदार निभाने वाले दुर्गेश कुमार भी नजर आते हैं, जो आयुष्मान-सारा की जासूसी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Pati Patni Aur Woh Do Teaser: पति पत्नी और वो से आगे निकली कहानी, अब तीन महिलाओं में फंसे आयुष्मान खुराना

काली तेरी चोटी गाने का नया वर्जन रूप दी रानी

इससे पहले फिल्म का रूप दी रानी गाना रिलीज किया जा चुका है, जो टी-सीरीज की 1990 की अपनी फिल्म बहार आने तक का रीक्रिएटेड वर्जन है। इस गाने तनिष्क बागची ने रीक्रिएट किया है, जबकि गुरु रंधावा और हीर ने आवाजें दी हैं।

गाने के बोल नहीं बदले गये हैं, जिसे इंदीवर ने लिखा था। ओरिजिनल गाने का संगीत राजेश रोशन ने दिया था, जबकि गाने को अनुराधा पौडवाल और मंगल सिंह ने गाया था। यह एक डांस नम्बर है और फिल्म की पूरी स्टार कास्ट पर फिल्माया गया है, जिसमें आयुष्मान, सारा, वामिका और रकुल शामिल हैं। इस गाने की कोरियाग्राफी बोस्को लेसली मार्टिस की है।

पति पत्नी और वो दो 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन मुदस्सर अजीज ने किया है। यह पति पत्नी और वो की अगली कड़ी है, जिसमें कार्तिक आर्यन, भूमि पेडनेकर और अनन्या पांडेय ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।