मुंबई। Toxic Release Postponed: यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म टॉक्सिक की रिलीज अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई है। अभिनेता ने बुधवार को सोशल मीडिया के लिए अपने फैंस को इत्तेला दी, जिसके फैंस में निराशा का माहौल है। यह दूसरी बार था, जबकि फिल्म की रिलीज डेट खिसकाई गई है।
यश ने एक्स पर नोट लिखा, जिसमें फिल्म की रिलीज स्थगित होने की वजह भी बताई गई, जिसके मुताबिक मेकर्स टॉक्सिक को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज करना चाहते हैं और नई तारीख इसी को ध्यान में रखकर चुनना चाहते हैं।
Cinemacon में मिला जोरदार रिस्पॉन्स
यश ने लिखा- कुछ फिल्में हैं, जिन्हें हम बस बनाते हैं और कुछ फिल्में ऐसी हैं, जो हमें याद दिलाती हैं कि हम सिनेमा को क्यों प्यार करते हैं। टॉक्सिक ऐसी ही यात्रा रही है। सिनेमाकॉन में अपनी फिल्म को पेश करना और वैश्विक स्तर पर लोगों की जोरदार प्रतिक्रिया देखने के बाद हमें यकीन हो गया है कि यह फिल्म पूरी दुनिया में अधिकतम लोगों तक पहुंचनी चाहिए।
टॉक्सिक तैयार है और हम वैश्विक स्तर पर इसके वितरण और साझेदारी में लगे हुए हैं। इसके मद्देनजर, हम इसकी रिलीज की समयरेखा को बदल रहे हैं। जैसा कि पहले घोषणा की गई थी, मगर 4 जून को रिलीज नहीं कर रहे हैं। हम इसे बाद में ऐसी तारीख को रिलीज करेंगे, जो वैश्विक स्तर पर ठीक हो। टॉक्सिक पूरी दुनिया के सिनेमाघरों में जल्द रिलीज होगी।
यश ने आगे लिखा कि ऐसे वक्त में, जबकि भारतीय सिनेमा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है तो हम में से हर एक की यह जिम्मेदारी है कि अपने प्रदर्शन को बेहतर करें। भारतीय फिल्म उद्योग के लिए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए हम अपनी फिल्म के लिए वक्त लेना चाहते हैं ताकि अधिक असर पैदा हो सके।
ईरान-इजरायल युद्ध के कारण टली थी पहली रिलीज
हर कदम और बदलाव पर आपने मेरा साथा दिया है, जिसका मैं तहे दिल से आभारी हूं। कुछ कहानियों को धैर्य की जरूरत होती है। कुछ यात्रों को इसकी जरूरत होती है। मैं वादा करता हूं कि हम आपको ऐसी फिल्म देंगे, जिसका आप जश्न मनाएंगे। ऐसी फिल्म, जो भारतीय सिनेमा को गौरवान्वित करेगी।
बता दें, टॉक्सिक अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स पहले 19 मार्च को धुरंधर 2 के साथ रिलीज होने वाली थी, मगर फिर इसकी रिलीज डेट 4 जून कर दी गई। तब इसकी रिलीज खिसकाने की वजह ईरान-इजरायल-अमेरिका के युद्ध को बताया गया था, जिसके कारण फिल्म को दुनिया के कुछ हिस्सों में रिलीज नहीं किया जा सकता था।
निर्देशक गीतू मोहनदास निर्देशित फिल्म में कियारा आडवाणी फीमेल लीड हैं, जबकि हुमा कुरैशी, नयनतारा, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया अहम किरदारों में नजर आने वाली हैं।
टॉक्सिक के अलावा यश की आने वाली फिल्मों में सबसे अहम रामायण पार्ट-1 है, जिसमें वो रावण के किरदार में हैं। यह फिल्म दिवाली पर रिलीज हो रही है। रणबीर कपूर राम और साइ पल्लवी सीता के रोल में हैं।

