मुंबई। Ishk Dum Aur Idli Rasam: बालाजी टेलीफिल्म्स की डिजिटल विंग, बालाजी स्टूडियोज की बहुप्रतीक्षित ओरिजिनल सीरीज ‘इश्क दम और इडली रसम’ लगातार खबरों में है। इस बार चर्चा के केंद्र में नेहा लक्ष्मी अय्यर की एंट्री है, लेकिन बात सिर्फ उनके शो का हिस्सा बनने तक सीमित नहीं है।
पर्दे पर हमेशा एक संस्कारी बहू के रूप में पहचानी जाने वाली नेहा लक्ष्मी, अपने किरदार ‘सनी’ के साथ बिल्कुल नए और अनजान सफर पर निकल रही हैं। अपनी पुरानी छवि को तोड़ते हुए, अभिनेत्री ने एक जबरदस्त मेकओवर अपनाया है। उन्होंने अपने बाल कटवा लिए हैं और एक बोल्ड व एजी लुक धारण किया है, जो उनके ऑन-स्क्रीन व्यक्तित्व में आए बड़े बदलाव का संकेत है।
असली पर्सनैलिटी से प्रेरित है लुक
दिलचस्प बात यह है कि नेहा लक्ष्मी के इस नए रूप का उनसे एक निजी जुड़ाव भी है। अपने लुक के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “यह देखना काफी दिलचस्प है कि यह लुक कैसे तैयार हुआ। विचार हमेशा से सनी को कुछ बोल्ड देने का था, जो तुरंत यह जाहिर कर सके कि वह भीड़ का हिस्सा बनने की कोशिश नहीं कर रही है। लेकिन मजेदार बात यह है कि यह मेरे लिए व्यक्तिगत भी है। कुछ साल पहले, मैंने खुद के साथ प्रयोग करते हुए हेयर टैटू के साथ एक ‘अंडरकट’ करवाया था। जब प्रोड्यूसर्स ने वह देखा तो उन्हें बात समझ आ गई और वहीं से सनी के हेयरस्टाइल की शुरुआत हुई।”
यह भी पढ़ें: What to Watch on OTT in May 2026: ‘कर्तव्य’ के साथ सैफ और ‘सिटाडेल 2’ के साथ लौटेंगी प्रियंका, मई की पूरी लिस्ट
उन्होंने आगे कहा, “वहां से हमने इसे थोड़ा और शार्प बनाया ताकि यह सनी के मिजाज से मेल खा सके। इसलिए यह सिर्फ किरदार के लिए एक ‘लुक’ मात्र नहीं है, बल्कि ऐसा महसूस होता है जैसे मेरा ही एक हिस्सा स्वाभाविक रूप से सनी में घुल-मिल गया है। मुझे लगता है कि यही वजह है कि पर्दे पर यह इतना वास्तविक और सहज नजर आता है।”
नेहा की एंट्री पहले से ही चर्चा बटोर रहे इस शो में रहस्य की एक नई परत जोड़ देगी। इससे पहले शाइनी दोषी (मीरा नायर) और अभिषेक कुमार (अर्जुन ठाकुर) के फर्स्ट लुक ने अपनी बेहतरीन केमिस्ट्री और शो के अनूठे विजुअल टोन की वजह से काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
खाने के जरिए जिंदगी की कहानी
एक पारंपरिक दक्षिण भारतीय रेस्टोरेंट की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘इश्क दम और इडली रसम’ रोमांस, ड्रामा और पुरानी यादों का एक अनूठा संगम है। यहां भोजन को कहानी कहने के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया गया है, जहाँ हर संवाद के साथ भावनाएं भी पकती नजर आती हैं।
इस शो की निर्माता सुरभि चंदना हैं, जो बालाजी संग अपने बैनल फील गुड स्टूडियोज के साथ इसका निर्माण कर रही हैं। निर्माता के तौर पर सुरभि का पहला शो है।

