मुंबई। CBFC Chairperson Shashi Shekhar Vempati: केंद्र सरकार ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के माध्यम से बुधवार को शशि शेखर वेम्पति को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) का नया चेयरपर्सन नियुक्त कर दिया है। वे प्रसिद्ध गीतकार और कवि प्रसून जोशी का स्थान लेंगे, जिन्हें हाल ही में प्रसार भारती का चेयरमैन बनाया गया है।
सीबीएफसी में वेम्पति तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए इस पद पर नियुक्त किए गए हैं।
कौन हैं शशि शेखर वेम्पति?
शशि शेखर वेम्पति एक प्रख्यात तकनीकी विशेषज्ञ, मीडिया एक्सपर्ट और सार्वजनिक नीति सलाहकार हैं। वे आइआइटी बॉम्बे के पूर्व छात्र हैं, जहां से उन्होंने केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की। करियर की शुरुआत में उन्होंने इन्फोसिस टेक्नोलॉजीज में काम किया, जहां उन्होंने आरएफआइडी, एंटरप्राइज मोबिलिटी और रीयल-टाइम बिजनेस मॉनिटरिंग जैसे क्षेत्रों में कई इनोवेशन किए।
उनके नाम कई अंतरराष्ट्रीय पेटेंट दर्ज हैं और उन्हें इन्फोसिस के अंदर कई ‘एक्सीलेंस अवॉर्ड’ मिले।
प्रसार भारती के सीईओ रह चुके हैं वेम्पति
वेम्पति प्रसार भारती के सीईओ के रूप में 2017 से 2022 तक कार्यरत रहे। वे इस पद पर नियुक्त होने वाले सबसे युवा और 1997 में प्रसार भारती के गठन के बाद पहले गैर-ब्यूरोक्रेट अधिकारी थे। उनके नेतृत्व में देश के सार्वजनिक प्रसारक दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो में व्यापक आधुनिकीकरण हुआ।
उन्होंने 2017 से 2019 तक राज्य सभा टीवी के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला।
मीडिया और तकनीकी क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान
मीडिया और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनका योगदान केवल प्रसारण तक सीमित नहीं है। वे AI4India.org (AI for All Indians) के सह-संस्थापक हैं, जो भारत में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) को आम जनता तक पहुंचाने का काम कर रहा है।
वह डीपटेक फॉर भारत फाउंडेशन के भी सह-संस्थापक हैं और भारत जेन के बोर्ड में शामिल हैं। उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार पर कई समितियों की अध्यक्षता की है, जिसमें यूजीसी की एजुकेशनल मीडिया समिति और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की एपेक्स एडवाइजरी कमेटी शामिल हैं।
वेम्पति ‘कलेक्टिव स्पिरिट, कंक्रीट एक्शन– मन की बात एंड इट्स इनफ्लुएंस ऑन इंडिया’ नामक पुस्तक के लेखक भी हैं। उन्होंने एआई, डिजिटल सिक्योरिटी, नेक्स्ट जेनरेशन ब्रॉडकास्टिंग और डायरेक्ट टू मोबाइल (D2M) प्रसारण पर कई महत्वपूर्ण शोध पत्र और लेख लिखे हैं।
उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म श्री सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। गौरतलब है कि वेम्पति विशुद्ध नीति निर्धारक और तकनीकी व्यक्ति हैं। फिल्म इंडस्ट्री से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

