Ishaan Khatter’s Film Jugaadu: ईशान खट्टर संग जुगाड़ू से डेब्यू करेंगी पंजाबी एक्ट्रेस तानिया, मुंबई में शुरू हुई फिल्म की शूटिंग

Punjabi actress Tamia debuts with Ishaan Khatter in Hindi. Photo- Instagram

मुंबई। Ishaan Khatter’s Film Jugaadu: होमबाउंड जैसी गम्भीर और विचारोत्तेजक फिल्म के बाद ईशान खट्टर अब हल्के-फुल्के अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करने वाले हैं। अभिनेता की अगली फिल्म जुगाड़ू एक कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्माण टिप्स फिल्म्स और बावेजा स्टूडियो मिलकर कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग मुंबई में शुरू हो चुकी है।

ईशान संग डेब्यू करेंगी पंजाबी अभिनेत्री

फिल्म में ईशान के साथ पंजाबी अभिनेत्री तानिया फीमेल लीड हैं, जिनका यह बॉलीवुड डेब्यू होगा। जुगाड़ू की शूटिंग 30 अप्रैल को मुंबई में मुहूर्त के साथ शुरू हो चुकी है। फिल्म में इन दोनों के अलावा कई बेहतरीन कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे।

इनमें अभिषेक बनर्जी, जमील खान, वैभव राज गुप्ता, यामिनी दास, सुखविंदर चहल और निर्मल रिशी शामिल हैं। ‘गुल्लक’ और ‘बड़ा नाम करेगा’ जैसी लोकप्रिय वेब सीरीज पर अपने सराहे गए काम के बाद निर्देशक पलाश वासवानी ‘जुगाड़ू’ के साथ अपनी फीचर फिल्म डेब्यू कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: अनीस बज्मी की फिल्म का केरलम शेड्यूल पूरा, विद्या बालन के अलावा अक्षय कुमार संग दिखेंगी यह खूबसूरत हीरोइन

पंजाब में होगा अगला शेड्यूल

पूरी टीम अब पूरी तैयारी के साथ अपनी पहली शेड्यूल की शूटिंग इस महीने पंजाब में शुरू करने को तैयार है। फिल्म के निर्माता रमेश तौरानी, पम्मी बावेजा, हरमन बावेजा और जया तौरानी हैं। ‘जुगाड़ू’ एक पारिवारिक और मनोरंजक फिल्म है, जिसमें भरपूर हास्य, दिल छू लेने वाली कहानी और ढेर सारा मजा होगा।

ईशान की फिल्मोग्राफी

ईशान खट्टर ऐसे कलाकार हैं, जो कमर्शियल और आर्ट सिनेमा में संतुलन बनाकर चल रहे हैं। उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर भले ही बहुत सफल नहीं रही हैं, लेकिन ईशान की अदाकारी पर किसी ने अंगुली नहीं उठाई है। उन्हें अपनी जनरेशन का ‘बहुमुखी अभिनेता’ माना जाता है।

शाहिद कपूर के हाफ ब्रदर ईशान ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बियॉन्ड द क्लाउड्स (2017) से की थी, जिसे अंतरराष्ट्रीय रूप से प्रशंसित ईरानी निर्देशक माजिद मजीदी ने निर्देशित किया था। 2018 में आई धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म धड़क से उन्होंने कमर्शियल सिनेमा में कदम रखा था। इस फिल्म से जाह्नवी कपूर ने डेब्यू किया था। यह मराठी हिट सैराट का रीमेक थी।

इसके बाद खाली पीली, फोन भूत और पिप्पा में उन्होंने लीड रोल्स निभाये। इस बीच देसी और इंटरनेशनल वेब सीरीज में भी अभिनय के जौहर दिखाये। 2025 में आई होमबाउंड में एक बार फिर ईशान के अभिनय का सबल पक्ष सामने आया।