सिनेमाघरों में इसी साल पहुंचेगी अक्षय कुमार और विद्या बालन की फिल्म, निर्माताओं ने जारी की रिलीज डेट

Akshay Kumar Anees Bazmee Film release date out. Photo- X

मुंबई। Akshay Kumar Vidya Balan Film: आखिरी बार आप कब थिएटर में जाकर खुलकर हंसे थे और पूरा मजा लिया था? इस दिसंबर एक ऐसी फिल्म आने वाली है, जो दर्शकों को भरपूर मनोरंजन देगी। अक्षय कुमार, विद्या बालन और निर्देशक अनीस बज्मी एक बार फिर साथ आ रहे हैं एक बड़े फैमिली एंटरटेनर के लिए। इस अनटाइटल्ड कॉमेडी फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा कर दी गई है।

प्रियदर्शन के बाद अनीस की ओर लौटे अक्षय

प्रियदर्शन निर्देशित भूत बंगला 2026 में अक्षय कुमार की पहली रिलीज थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर ठीकठाक कारोबार किया है। यह हॉरर कॉमेडी फिल्म थी। प्रियदर्शन के साथ अक्षय कई सालों बार रीयूनाइट हुए थे। अब वो अपने एक और पुराने निर्देशक के साथ रीयूनाइट हुए हैं।

यह हैं अनीस बज्मी, जिनके साथ अक्षय की जुगलबंदी बॉक्स ऑफिस पर सफल रही है। अनीस के साथ अक्षय की फिलहाल अनटाइटल्ड फिल्म में विद्या बालन फीमेल लीड रोल में हैं। इसका केरल शेड्यूल हाल ही में पूरा हुआ है और खबर है कि मेकर्स जल्द ही अक्षय कुमार का नया लुक या स्टिल शेयर कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें: अनीस बज्मी की फिल्म का केरलम शेड्यूल पूरा, विद्या बालन के अलावा अक्षय कुमार संग दिखेंगी यह खूबसूरत हीरोइन

साउथ निर्माता के साथ अक्षय का एसोसिएशन

दक्षिण भारत के श्री वेंकटेश्वर क्रिएशंस के बैनर तले बन रही इस फिल्म में अक्षय कुमार और विद्या बालन के साथ राशि खन्ना भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। वहीं विजय राज और सुदेश लहरी भी फिल्म का हिस्सा हैं।

फिल्म को शिरीष रेड्डी और कुलदीप राठौर प्रोड्यूस कर रहे हैं, वहीं केप ऑफ गुड फिल्म्स भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ा है। यह श्री वेंकटेश्वर क्रिएशंस की 60वीं फिल्म है। निर्माता दिल राजू एक बार फिर ऐसी फिल्म लेकर आ रहे हैं जिसमें बड़ा स्टार, दमदार निर्देशक और एंटरटेनमेंट का पूरा पैकेज देखने को मिलेगा।

कब रिलीज होगी फिल्म?

फिल्म की शूटिंग तय समय के अनुसार आगे बढ़ रही है और माना जा रहा है कि यह 2026 के आखिर की सबसे बड़ी फैमिली एंटरटेनर फिल्मों में से एक होगी। ऐसे समय में जब बड़े पर्दे पर एक्शन और भव्य फिल्मों का दौर है, यह फिल्म पूरे परिवार को फिर से थिएटर तक खींच लाने का दम रखती है। फिल्म 4 दिसम्बर 2026 को सिनेमाघरों में पहुंचेगी।