मुंबई। Pati Patni Aur Woh Do Box Office Day 1: आयुष्मान खुराना, वामिका गब्बी, सारा अली खान और रकुल प्रीत स्टारर पति पत्नी और वो दो शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। मुदस्सर अजीज निर्देशित इस फ्रेंचाइजी फिल्म ने पहले दिन औसत कलेक्शन किया है। पति पत्नी और वो दो रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है, जिसे लम्बी रेस के लिए ओपनिंग वीकेंड में मेहनत करनी होगी।
पहले दिन 4.38 करोड़ नेट कलेक्शन
निर्माताओं की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पति पत्नी और वो दो ने 4.38 करोड़ नेट कलेक्शन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन किया है। इस वक्त बॉक्स ऑफिस का जो सूरते-हाल चल रहा है, उसे देखते हुए यह रकम ठीक मानी जाएगी। लेकिन अगर, आयुष्मान की पिछली फिल्मों को देखें तो रकम कम है।
2025 में आई आयुष्मान की हॉरर कॉमेडी थामा ने 23.11 करोड़ की कमाई पहले दिन की थी। उससे पहले आई ड्रीम गर्ल ने 10.69 करोड़ नेट कलेक्शन पहले दिन किया था। पति पत्नी और वो दो की ओपनिंग डॉक्टर जी और चंडीगढ़ करे आशिकी की रेंज में रही है।
यह भी पढ़ें: क्या 100 करोड़ की हैट्रिक लगाएंगे आयुष्मान खुराना? इस शुक्रवार रिलीज हो रही ‘पति पत्नी और वो दो’

अब अगर पति पत्नी और वो से तुलना करें तो कार्तिक आर्यन स्टारर फिल्म 2019 में आई थी, जिसने 9.10 करोड़ की ओपनिंग ली थी। उस लिहाज से पति पत्नी और वो दो की कमाई लगभग 50 फीसदी कम रही है।
2026 की छठी सबसे बड़ी ओपनिंग
हालांकि, इस साल अब तक रिलीज हुई हिंदी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस रिजल्ट देखें तो हालात बहुत अच्छे नहीं हैं। धुरंधर 2, बर्डर 2 और भूत बंगला को छोड़कर कोई भी फिल्म डबल डिजिट ओपनिंग नहीं ले सकी है, जबकि 2026 का पांचवां महीना चल रहा है।
ऐसे हालात में पति पत्नी और वो दो की ओपनिंग ठीकठाक ही मानी जाएगी, जो 2026 की छठी सबसे बड़ी ओपनिंग है। इस साल सबसे बड़ी ओपनिंग धुरंधर द रिवेंज ने ली थी, जबकि बॉर्डर 2 दूसरे स्थान पर है। ये दोनों ही मोस्ट अवेटेड फ्रेंचाइजी फिल्में हैं।
अक्षय कुमार की भूत बंगला चौथे स्थान पर है, जबकि शाहिद कपूर की ओ रोमियो की ओपनिंग सातवें स्थान पर रही थी।
- धुरंधर द रिवेंज: 90 करोड़
- बॉर्डर 2: 32.10 करोड़
- भूत बंगला: 11.50 करोड़
- ओ रोमियो: 7.75 करोड़
- इक्कीस: 6.50 करोड़
- पति पत्नी और वो दो: 4.38 करोड़
- मर्दानी 3: 4 करोड़
फिल्म के सामने ओपनिंग वीकेंड में कोई चुनौती नहीं है। इसके साथ रिलीज हुई संजय दत्त की आखिरी सवाल दर्शक जुटाने में विफल रही है और उस फिल्म से ज्यादा उम्मीदें भी नहीं हैं। ऐसे में पति पत्नी और वो दो के सामने मैदान साफ है। बस दर्शकों को समझ में आनी चाहिए।

