मुंबई। Pati Patni Aur Woh Do Box Office Day 3: आयुष्मान खुराना की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म पति पत्नी और वो दो ने ओपनिंग वीकेंड में ही हथियार डाल दिये। फिल्म रिलीज के तीन दिनों में सिर्फ 20 करोड़ का नेट कलेक्शन कर सकी है, जो इस फ्रेंचाइजी के भविष्य के लिए शुभ संकेत नहीं है।
मध्यम बजट की पति पत्नी और वो दो से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, क्योंकि यह फ्रेंचाइजी फिल्म है। इसकी पहली कार्तिक आर्यन स्टारर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी और ओपनिंग वीकेंड में लगभग 36 करोड़ नेट कलेक्शन किया था।
20 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड
15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई पति पत्नी और वो दो ने 4.38 करोड़ की ओपनिंग ली। इसके बाद शनिवार को 6.67 करोड़ और रविवार को 9.06 करोड़ नेट कलेक्शन किया। फिल्म का तीन दिनों का नेट कलेक्शन 20.11 करोड़ हो चुका है। यह आंकड़े निर्माताओं की ओर से आये हैं।
यह भी पढ़ें: क्या 100 करोड़ की हैट्रिक लगाएंगे आयुष्मान खुराना? इस शुक्रवार रिलीज हो रही ‘पति पत्नी और वो दो’

तीन दिनों में पांचवां हाइएस्ट कलेक्शन
इस साल रिलीज हुई चर्चित फिल्मों के ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन (पहले तीन दिनों की कमाई) देखें तो पति पत्नी और वो दो पांचवें स्थान पर है। फिल्म ने इक्कीस और मर्दानी 3 से बेहतर कलेक्शन किया है।
- धुरंधर 2- 280 करोड़
- बॉर्डर 2- 129.89 करोड़
- भूत बंगला- 51 करोड़
- ओ रोमियो- 28.25 करोड़
- पति पत्नी और वो दो- 20.11 करोड़
फिल्म का ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन आयुष्मान खुराना की पिछली दो फिल्मों थामा और ड्रीम गर्ल 2 से भी कम रहा है। थामा ने रिलीज के तीन दिनों में 53.59 करोड़ और ड्रीम गर्ल 2 ने 40.71 करोड़ नेट कलेक्शन किया था।
इस लिहाज से, पति पत्नी और दो वो की रफ्तार काफी कम है। सोमवार को वर्किंग वीक शुरू हो जाने के कारण अब कलेक्शंस में गिरावट आएगी। ऐसे में लम्बी दूरी तय करने के लिए पति पत्नी और वो को बॉक्स ऑफिस पर टिककर खेलना पड़ेगा।

