मुंबई। Pati Patni Aur Woh Do Box Office Day 2: आयुष्मान खुराना की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म पति पत्नी और वो दो की कमाई में रिलीज के दूसरे दिन लगभग 5 फीसदी का उछाल आया। हालांकि, रफ्तार धीमी ही है। फिल्म को बड़ा कलेक्शन करने के लिए थोड़ा और जोर लगाना होगा। फ्रेंचाइजी फिल्म होने के नाते इससे बेहतर रफ्तार की उम्मीद थी।
दो दिनों में 11 करोड़ नेट कलेक्शन
मुदस्सर अजीज निर्देशित पति पत्नी और वो दो ने शुक्रवार को 4.38 करोड़ के साथ सिनेमाघरों में अपने सफर का आगाज किया और दूसरे दिन शनिवार को 6.57 करोड़ नेट कलेक्शन किया, जिसके बाद दो दिनों का नेट कलेक्शन 11.05 करोड़ हो गया।
आयुष्मान खुराना रोमांटिक कॉमेडी फिल्मों के माहिर माने जाते हैं और इस जॉनर में आईं उनकी पिछली फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उस लिहाज से पति पत्नी और वो दो बॉक्स ऑफिस पर धमाल नहीं मचा पा रही।
यह भी पढ़ें: Udta Teer: करण जौहर ने लिया ‘उड़ता तीर’, आयुष्मान खुराना और सारा अली खान के साथ स्पाइ कॉमेडी का एलान

फिल्म में आयुष्मान ने वन्य अधिकारी प्रजापति पांडेय का रोल निभाया है, जो अपनी एक दोस्त (सारा अली खान) की मदद करने के चक्कर में मुश्किलों में फंस जाता है। उसकी बीवी (वामिका गब्बी) उस पर संदेह करने लगती है और इससे परिस्थिति-जन्य हास्य फिल्म में आता है।
फिल्म की कहानी दिलचस्प है और इस फ्रेंचाइजी की मुख्य थीम को आगे बढ़ाती है। हालांकि, रिलीज के पहले दो दिनों में यह अपना व्यापक असर छोड़ने में विफल रही है, जिसका पता बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों से लग जाता है।
पति पत्नी और वो के सामने मैदान खाली
सिनेमाघरों में इस वक्त कोई बड़ी फिल्म नहीं है। अक्षय कुमार की भूत बंगला को भी रिलीज हुए काफी वक्त हो चुका है। संजय दत्त की आखिरी सवाल इसके साथ रिलीज हुई, मगर उसे दर्शकों ने सिरे से खारिज कर दिया है। ऐसे में पति पत्नी और वो के सामने कलेक्शंस बढ़ाने का पूरा मौका है।
पति पत्नी और वो दो का निर्माण बीआर चोपड़ा स्टूडियोज और टी-सीरीज ने किया है। यह इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। पहली फिल्म 1978 में आई थी, जिसमें संजीव कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इस फिल्म को कार्तिक आर्यन के साथ 2019 में रीमेक किया गया था।

